इंटरनेट पर कच्चा बादाम गाने से मशहूर हुईं अंजलि अरोड़ा हाल ही में अपने इसी गाने पर बौखलाती हुईं नजर आईं. कानपुर में उनका एक शो हो रहा था, जहां डीजे ने इस गाने को चलाया. ये सुनते ही वो नाराज हुईं, और शो में बड़ा बवाल खड़ा किया. अंजलि ने वहां से जाने की धमकी दी, जिसके बाद वहां माहौल काफी चिंताजनक हुआ.
कानपुर में हंगामा करने के बाद अंजलि अरोड़ा को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है. अब उनकी इस बात से शो के ऑर्गनाइजर बड़े नाराज हुए हैं. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कच्चा बादाम गर्ल पर अपनी नाराजगी साफ जाहिर की है. साथ ही बताया कि उनके कारण उन्हें कितना नुकसान हुआ, और अब इसकी भरपाई के लिए वो एक्ट्रेस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे.
कानपुर में अंजलि का बवाल, गुस्साया ऑर्गनाइजर
अंजलि अरोड़ा के बवाल पर ऑर्गनाइजर ने कहा- अंजली अरोड़ा जी की वजह से मेरा शो खराब हुआ है और इसके लिए मैं उनके ऊपर लीगल एक्शन लूंगा. जो इनका पैसा रह गया था, क्योंकि ये पहले ही पूरी पेमेंट मांग रही थीं, तो हमने पूरा एडवांस पेंमेंट नहीं किया. हमने थोड़ा पैसा रोक रखा था और मैं सारे इवेंट मैनेजर से कहना चाहता हूं कि कोई भी आर्टिस्ट आए, उसका पैसा जब तक वो सामने ना आ जाए तब-तब तक मत दीजिए क्योंकि उसके बाद जब उनको पूरा पैसा मिल जाता है वो अपने तरीके से चीजें करने लगते हैं और ये एक आर्टिस्ट के लिए बहुत खराब चीज है.
कानपुर में अंजलि अरोड़ा क्या करने आई थीं, इसके बारे में भी ऑर्गनाइजर ने बताया. उन्होंने कहा- हमारी उनसे बात ये हुई थी जब हमने इनको बुक किया था कि वो हमारे गेस्ट, स्पॉन्सर्स और पार्टनर्स को मोमेंटो देंगी, लेकिन उन्होंने स्टेज पर जाकर अचानक बोला कि हम क्यों देंगे? ये बहुत खराब चीज है. उनकी टीम में से कोई तालमेल नहीं था, कोई लिखा पढ़ी नहीं थी, कोई प्रोफेशनल नहीं था. उनकी जो मैनेजर हैं प्रीति, उन्होंने हमारे मेल तक का जवाब नहीं किया है. इसके अलावा जो उनके पैसों के आवागमन है वो भी अलग-अलग अकाउंट में, कोई भी हमें GST बिल वगैरह नहीं दिया गया है. ये बहुत अनप्रोफेशनल तरीका है.
अंजलि के रवैये से नाखुश ऑर्गनाइजर
ऑर्गनाइजर ने आगे अंजलि अरोड़ा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा- वो बड़ी इंफ्लुएंसर हैं लेकिन उनकी टीम बहुत अनप्रोफेशनल है. हम मानते हैं आपका नाम है, ये बहुत अच्छी बात है, इसीलिए हमने आपको गेस्ट बनाया. लेकिन आप प्रसिद्ध उसी गाने से हुई थी जो कल प्ले हुआ था. अब मुझे नहीं पता कि आपका क्या पर्सनल मामला है. लेकिन जो आपने कल किया है, हमारे इवेंट को बर्बाद किया है, वो अंजली अरोड़ा जी सिर्फ आपकी वजह से हुआ है. कानपुर में आपने कानपुर को बदनाम किया, वहां के लोगों को बदनाम किया. उसके साथ ही साथ आपने बोला कि मैनेजमेंट टीम की गलती है.
'हमारी टीम की कोई गलती नहीं थी. सब कल बहुत आसानी से जा रहा था, बहुत अच्छे से हो रहा था. सब कुछ सही चल रहा था. सबसे पहले वो आखिरी मोमेंट पर लेट आईं. होटल में आठ बजे उनकी गाड़ी वहां तैयार थी. वहां से वो बहुत लेट आई. लेट आने के बाद जैसे ही उन्होंने देखा कि कैसे मैंने उनको एक फ्लो शीट दे रखी थी, जिसमें उनके आने का समय लिखा था और उसी हिसाब से उनको आना था. लेकिन गाड़ी खड़े होने के बाद वहां पर हमारे बंदे भी खड़े हुए थे जो मैनेजमेंट टीम से थे. वो बता रहे थे कि मैम अभी नीचे नहीं आई हैं, तैयार हो रही हैं. तैयार होते-होते-होते 9:45 पर वो स्टेज पर आई हैं और उसके बाद 10-12 मिनट में उन्होंने ये कर दिया है और उसके बाद वो कह रही हैं हम जा रहे हैं.'
अब देखना है कि क्या अंजलि अरोड़ा किसी कानूनी पचड़े में फंसेंगी या इस पूरे मामले पर अपनी ओर से कोई सफाई देंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क