बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की तीसरी शादी पर विवाद गरमाता जा रहा है. आमिर की तीसरी शादी को 'लव जिहाद' का नाम दिया जा रहा है. बजरंग दल ने भी गौरी स्प्रैट संग एक्टर की तीसरी शादी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. दूसरे धर्म की महिलाओं संग शादी करने पर आमिर खान को लेकर फतवा भी जारी हो गया है. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने भी आमिर को 'लव जिहाद' के ब्रांड एंबेसडर का टैग दिया है.
मगर अब आमिर खान की तीसरी शादी पर अयोध्या की प्रसिद्ध तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने ऐसा विवादित बयान दे दिया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. आमिर की तीसरी शादी से नाराज जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि वो आमिर खान को मारने वाले को 5 करोड़ रुपये का इनाम देंगे.
'आमिर को मारने वाले को 5 करोड़ का इनाम'
समाचार एजेंसी संग बातचीत में जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने आमिर की तीन शादियों पर अपनी राय देते हुए कहा- आमिर खान ने जिस तरह तीन शादियां की हैं और तीनों हिंदू लड़कियों से की हैं. इस उम्र में जब मरने का समय है तो वो सिर्फ लव जिहाद का संदेश देना चाहते हैं.
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे के बयान का समर्थन करते हुए जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने आगे कहा- नितेश राणे जी ने जो आरोप लगाया है वो हकीकत है. ऐसे लोगों को तो जहां कहीं भी मिलें उन्हें तुरंत मार देना चाहिए. ये लोग समाज में इतने बड़े अपराधी हैं. ये लोग लव जिहाद को बढ़ावा देने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं.
'मैं भी पांच करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रहा हूं, जो भी किसी भी तरह से आमिर खान को टपका देगा, उसकी लीगल लड़ाई का खर्चा हम देंगे और 5 करोड़ उसके परिवार को इनाम देंगे.'
जगद्गुरु परमहंस आचार्य आगे बोले- इस तरह के जो बड़े लव जिहाद करने वाले लोग हैं. अगर ऐसे 100-200 लोगों को टपका दिया जाए तो लव जिहाद पूरी तरह से बंद हो जाएगा. जो भी हिंदू-बहन बेटियों का फंसाने वाले हैं. उन्हें जिंदा छोड़ना ही गलत है. इन्हें कहीं भी कैसे भी टपका देना चाहिए. मैं खुलकर कह रहा हूं, जिस दिन भी कोई आमिर खान को टपका देगा उस दिन 5 करोड़ रुपये उसके घर पहुंच जाएंगे. उसकी लीगल लड़ाई का खर्च भी मैं उठाऊंगा.
आमिर ने की तीन शादियां
आमिर खान की शादियों की बात करें तो उन्होंने 61 साल की उम्र में 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट संग रजिस्टर मैरिज की है. गौरी संग आमिर की ये तीसरी शादी है. उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी और दूसरी शादी किरण राव से. मगर दोनों ही एक्स वाइफ संग उनका रिश्ता लंब नहीं चला और तलाक लेकर वो अलग हो गए. हालांकि, तलाक के बाद भी आमिर दोनों एक्स वाइफ संग अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं. पिछली दो शादियों से आमिर के तीन बच्चे भी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क