बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में से एक 'हेरा फेरी' एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई सीक्वल नहीं बल्कि कानूनी लड़ाई है. मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला ने फिल्म के कॉपीराइट और रिमेक अधिकारों को लेकर मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.
नाडियाडवाला का आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर उनके कानूनी अधिकारों को हड़पने की साजिश रची है और उनसे करोड़ों रुपये वसूलने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने इस मामले में गोपाळा पिल्लई विजयकुमार और एम. पॉल मायकेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इसकी गहराई से जांच की जा रही है.
प्रोड्यूसर ने दर्ज कराई शिकायत
फिरोज नाडियाडवाला के अनुसार, साल 2000 में आई फिल्म 'हेरा फेरी' दरअसल 1989 की मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' पर आधारित थी. फिरोज का दावा है कि उन्होंने उसी वक्त 'मेसर्स कॉम्पेक्ट डिस्क इंडिया लिमिटेड' के सुरेश कुमार सिंघल से 4.5 लाख रुपये में इस कहानी के हिंदी और अन्य भाषाओं के रिमेक अधिकार कानूनी तौर पर खरीदे थे. उनका कहना है कि अधिकार उनके पास होने के बावजूद अब 25 साल बाद एक नई साजिश के तहत उन्हें परेशान किया जा रहा है.
रची जा रही साजिश
शिकायत में फिरोज ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि साल 2000 में फिल्म की रिलीज से महज एक हफ्ते पहले भी कुछ लोगों ने उन पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश की थी. उस समय फिल्म में करोड़ों रुपये लगे थे, इसलिए बदनामी और नुकसान के डर से उन्होंने दबाव में आकर भुगतान कर दिया था, जबकि अदालत का फैसला उनके पक्ष में था. नाडियाडवाला का आरोप है कि मूल फिल्म के मालिकों ने यह जानते हुए भी कि अधिकार बिक चुके हैं, साल 2022 में महज 3 लाख रुपये में इन्हें दोबारा ये अधिकार फिर से 'गोपाला पिल्लई विजयकुमार' (मेसर्स सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल) को बेच दिए.
यह मामला तब और गरमा गया जब दिसंबर 2024 में फिरोज नाडियाडवाला को एक कानूनी नोटिस थमाया गया. इस नोटिस में उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'फिर हेरा फेरी' (2006) को ही अवैध बता दिया गया. विरोधियों ने उनसे 60 लाख रुपये नकद और फिल्म से हुए कुल मुनाफे का 25 प्रतिशत हिस्सा मांगा है.
साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश
फिरोज नाडियाडवाला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि उनकी कंपनी 'पब्लिक लिस्टिंग' (शेयर बाजार में उतरने) की प्रक्रिया में है और विरोधी पक्ष जानबूझकर इसमें अड़ंगा डाल रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल जैसे बड़े सितारों के नामों का इस्तेमाल कर झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, ताकि उनकी फाइनेंशनल साख को चोट पहुंचाई जा सके. फिलहाल, मुंबई पुलिस ने धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ हो सकती है.
दिव्येश सिंह