बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की फिल्म अल्फा पिछले काफी समय से सुर्खियों में थी. यश राज के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा होने की वजह से लोगों के बीच इसका काफी बज था. आलिया और शरवरी वाघ पहली बार बड़े पर्दे पर साथ आ रही थीं. वहीं बॉबी देओल एक विलेन के रूप में दिखने वाले थे. अब उनकी ये फिल्म थिएटर्स में फाइनली रिलीज हुई.
फिर आलिया के खिलाफ हुईं दिव्या?
अल्फा को क्रिटिक्स और ऑडियंस से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है. आलिया-शरवरी के काम की तारीफ हुई है. वहीं कहा जा रहा है कि ऋतिक रोशन के कैमियो ने फिल्म में चार चांद लगाने का काम किया है. मगर इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें आलिया की फिल्म की आलोचना होती दिखी है. ये स्क्रीनशॉट दिव्या खोसला कुमार के इंस्टाग्राम स्टोरी से लिया गया है.
दिव्या खोसला कुमार, प्रोड्यूसर भूषण कुमार की पत्नी हैं जो खुद एक फिल्ममेकर और एक्ट्रेस हैं. इंटरनेट पर वायरल उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने आलिया की अल्फा को लेकर दावा किया है कि इस फिल्म को कोई नहीं देख रहा है, थिएटर खाली हैं. वो एक मॉल गई थीं, जहां ऑडियंस नहीं थी. फोटो में आलिया का चेहरा भी साफ दिख रहा था. इसके साथ-साथ ये भी लिखा गया कि मेकर्स ने अपनी फिल्म की टिकट खुद खरीदकर फेक कलेक्शन्स दिखाने का काम किया है. दिव्या इस फोटो में मीडिया पर कई सवाल उठा रही हैं.
हालांकि सच्चाई एकदम अलग है. जिस इंस्टाग्राम स्टोरी के स्क्रीनशॉट को दिव्या खोसला कुमार के अकाउंट से लिया गया बताया जा रहा है, वो असल में एक्ट्रेस ने कभी पोस्ट ही नहीं की है. उन्होंने आलिया भट्ट या अल्फा को लेकर ऐसा कोई दावा नहीं किया है. बल्कि ये स्क्रीनशॉट डेढ़ साल पुराना है, जो दिव्या ने आलिया की फिल्म जिगरा के दौरान लिया था. ये एक पूरी तरह से एडिट किया गया फोटो है.
क्या है आलिया-दिव्या का विवाद?
साल 2024 में आलिया भट्ट की फिल्म जिगरा आती है, जिसपर दिव्या खोसला कुमार 'कॉपी' का आरोप लगाती हैं. उनके मुताबिक, जिगरा फिल्म की कहानी उनकी ही एक फिल्म सावी से उठाई गई जिसे आलिया के अंकल मुकेश भट्ट ने बनाया था. इसके बाद, दिव्या ने थिएटर से एक स्क्रीनशॉट शेयर करके फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि जिगरा का कलेक्शन झूठा है, जबकि कोई आलिया की फिल्म देखने नहीं पहुंच रहा.
इसके बाद प्रोड्यूसर करण जौहर ने दिव्या पर बिना उनका नाम लिए निशाना साधा था. फिर दिव्या खोसला कुमार ने इस कॉन्ट्रोवर्सी को आगे बढ़ाने के लिए मुकेश भट्ट संग अपनी फोन रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर पब्लिक कर दी. मुकेश भट्ट ने कॉल पर अपने पहले वाले बयान से यू-टर्न लेते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिव्या सिर्फ सुर्खियां बटोरना चाहती हैं, विवाद के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कुछ ऐसे लोगों को जिम्मेदार ठहराया, जिनका इस मुद्दे में अपना फायदा जुड़ा हुआ है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क