फिल्मों में आजकल जहां हर सीन को ग्राफिक्स और ग्रीन स्क्रीन के जरिए सजाया जाता है, वहीं डायरेक्टर आदित्य धर ने अपनी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ एक नया और बेहद जोखिम भरा रास्ता चुना. 'धुरंधर: द रिवेंज' को देखने के बाद दर्शक अभी भी फिल्म के शानदार एक्शन और धमाकेदार सीन्स से उबर नहीं पाए हैं. अब एक एक्शन सीन को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है.
अब पता चला है कि एक रिस्की एक्शन सीन को लेकर डायरेक्टर आदित्य धर ने CGI का इस्तेमाल न करने का फैसला किया था और ज्यादातर सीन असली जगहों पर, असली लोगों के साथ, असली हालात में और बिना ग्रीन स्क्रीन के शूट किए. फिल्म के SFX सुपरवाइजर विशाल त्यागी ने बताया कि रणवीर सिंह ने अर्जुन रामपाल के साथ आखिरी सीन में करीब 500 लीटर पेट्रोल के पास शूट किया था.
500 लीटर पेट्रोल के साथ धमाका
'पिंकविला' के 'हिंदी रश' के साथ हाल ही में हुई बातचीत में फिल्म के SFX सुपरवाइजर विशाल त्यागी ने एक जबरदस्त क्लाइमेक्स सीन के बारे में कुछ खास बातें बताईं. यह सीन इतना रोमांचक था कि पूरी टीम की सांसें थम गई थीं, और इसमें बहुत ज्यादा मात्रा में फ्यूल का इस्तेमाल हुआ था.
विशाल के मुताबिक, 'क्लाइमेक्स को लेकर उनका नजरिया एकदम साफ था; इसे बहुत ही दिलचस्प दिखना था. इस सीन में रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के बीच आमना-सामना होता है. चूंकि इस सीन में दो सुपरस्टार थे, इसलिए इसमें खतरा भी बहुत ज्यादा था. विशाल ने बताया कि आदित्य ने उनसे कहा था कि वे CGI का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, खासकर धमाकों के लिए.'
उन्होंने आगे कहा, 'जो आखिरी टैंकर धमाका था, वह सबसे मुश्किल था. उसमें सुरक्षा को लेकर सबसे बड़ी चिंता थी. जरा सोचिए, 500 लीटर पेट्रोल. उस धमाके में उड़ने वाले सारे टुकड़े असली थे. रणवीर बिल्कुल पास से गुजर रहे थे, और मुझे यह पक्का करना था कि आग की लपटें रणवीर तक न पहुंचें.'
विशाल ने आगे बताया कि उन्होंने सारा काम किया और रणवीर को ठीक-ठीक बताया कि उन्हें कहां से चलना शुरू करना है. 'हमने सच में 'धुरंधर' के लिए अपना खून-पसीना एक कर दिया है. प्रोडक्शन टीम ने मुझसे 250 लीटर फ्यूल इस्तेमाल करने को कहा था, लेकिन मैं अपनी बात पर अड़ा रहा कि कम से कम 500 लीटर फ्यूल की जरूरत होगी. उस धमाके को सही असर देने के लिए, मुझे हर टैंकर में 25 किलो विस्फोटक भी डालना पड़ा. मैंने सबकी सुनी, लेकिन किया वही जो मेरे दिल ने कहा.'
SFX सुपरवाइजर ने यह भी बताया कि हालांकि अर्जुन उस सीन में मौजूद थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से धमाके का सीन शूट होने से पहले उन्हें वहां से हटा दिया गया था. धमाके वाले सीन के बाद, रणवीर ने टीम की तारीफ करते हुए कहा, 'फाड़ दिया तूने (तुमने तो कमाल ही कर दिया).'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क