अक्सर इंडस्ट्री में एक्टर्स के बेटे भी उन्हीं की राह पर चलते हैं. धनुष के बेटे यात्रा से भी ऐसी ही उम्मीद की जा रही है. अब हाल ही में एक्टर ने इस बारे में बात की. धनुष ने आखिरकार अपने बेटे यात्रा के फिल्म इंडस्ट्री में आने की खबरों पर रिएक्ट किया. उन्होंने कहा कि ये कहना अभी बहुत जल्दी होगा कि यात्रा उनके नक्शे-कदम पर चलेगा या नहीं. फिलहाल, धनुष इस बारे में कोई बड़ा दावा करने से बच रहे हैं.
यात्रा का कब शुरू होगा फिल्मी सफर?
फिल्म कारा के प्री-रिलीज इवेंट में धनुष ने कहा- मैं 16 साल की उम्र में अपनी अलग सिचुएशन की वजह से एक्टिंग में आया था. लेकिन यात्रा के साथ वो परिस्थतियां नहीं हैं. वो अभी सिर्फ 19 साल का है और मुझे अभी भी बच्चा ही लगता है. वो आगे क्या बनेगा, ये कहना अभी जल्दी होगा. उनके इस बयान के बाद ये चर्चा और तेज हो गई कि क्या वो अपने बेटे को खुद फिल्म में लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं.
हालांकि, ये जरूर है कि यात्रा ने अपने पिता धनुष की तीसरी डायरेक्टोरियल फिल्म निलावुकु एन मेल एनाडी कोबम में लिरिसिस्ट के तौर पर डेब्यू कर लिया है. एक्टर एसजे सूर्या ने दावा किया था कि फिल्म के पहले गाने गोल्डन स्पैरो के बोल यात्रा ने लिखे हैं.
लेकिन धनुष के प्रोडक्शन हाउस से जुड़े एक मेंबर ने बताया किया कि पूरे गाने के बोल अरिवु ने लिखे हैं, जबकि यात्रा ने सिर्फ गाने की हुक लाइन और चार लाइनें लिखी हैं. इस पर श्रेया ने भी सोशल मीडिया पर यही जानकारी शेयर की थी.
धनुष की आने वाली फिल्में...
धनुष जल्द ही अपनी अगली फिल्म कारा में नजर आएंगे. ये फिल्म 1991 के गल्प वॉर की पृष्ठभूमि पर बेस्ड है. कहानी में दिखाया गया है कि जब इराक कुवैत के तेल कुओं में आग लगा देता है, तो पूरी दुनिया में इसका असर पड़ता है. इस फिल्म में धनुष करासामी (Kara) का रोल निभा रहे हैं, जो पहले लुटेरा था. लेकिन हालात ऐसे बनते हैं कि उसे फिर से अपराध की दुनिया में लौटना पड़ता है.
इसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ था. फिल्म में ममिता बैजू, जयाराम, केएस रविकुमार, करुणास, श्रीजा रवि और पृथ्वी पांडियाराजन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. इसके अलावा, धनुष ने अपनी नई फिल्म D55 का ऐलान भी किया है, जिसमें ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला भी दिखाई देंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क