'कभी शराब नहीं पिऊंगा...न बाल काटूंगा', दलेर मेहंदी ने खाई थी गुरु की कसम, मां से किया था वादा

उत्तराखंड के कार्यक्रम को लेकर विवादों में आए दलेर मेहंदी का पुराना इंटरव्यू चर्चा में है. सिंगर ने बताया था कि उनके गुरु ने शराब न पीने और बाल न कटवाने की शर्त रखी थी. जानिए टैक्सी चलाने से लेकर स्टार बनने तक की उनकी दिलचस्प कहानी.

Advertisement
दलेर मेहंदी ने खाई थी उस्ताद की कसम (Photo: Screengrab) दलेर मेहंदी ने खाई थी उस्ताद की कसम (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:16 PM IST

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के पॉपुलर सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में हुए एक कार्यक्रम को लेकर सुर्खियों में हैं. नवरात्रि के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में उनकी परफॉर्मेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इसके बाद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर के मंच पर कथित तौर पर नशे में होने को लेकर सवाल उठाए. मंत्री ने यह भी दावा किया कि कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे और उन्होंने लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक किया.

Advertisement

इस विवाद के बीच बॉलीवुड के कई सितारे दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए. मीका सिंह ने तो अपने बड़े भाई का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी शराब को हाथ नहीं लगाया. मीका ने यहां तक चुनौती दे दी कि अगर उनके भाई को नशे में पाया जाता है, तो वह खुद सिंगिंग छोड़ देंगे.

लेकिन इस पूरे विवाद के बीच दलेर मेहंदी का आजतक को दिया एक पुराना इंटरव्यू फिर चर्चा में आ गया है. इसमें सिंगर ने बताया था कि आखिर वह शराब से दूर क्यों रहते हैं और उनके लंबे बालों के पीछे कौन-सी कहानी छिपी है.

गुरु ने रखी थीं दो शर्तें, जिंदगी भर निभाया वादा

दलेर मेहंदी ने अपने गुरु उस्ताद राहत अली खान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया था. सिंगर के मुताबिक, जब उन्होंने अपने गुरु से संगीत सीखना शुरू किया, तो उनके सामने दो शर्तें रखी गई थीं. पहली, जिंदगी में कभी शराब नहीं पीनी है और दूसरी, अपने बाल कभी नहीं कटवाने हैं.

Advertisement

दलेर मेहंदी ने बताया कि उनकी मां भी उन्हें यही सलाह देती थीं. उनकी मां गुरु गोबिंद सिंह के गुरुद्वारे में सुबह तीन बार अरदास करती थीं और बेटे के लिए दुआ मांगती थीं. बचपन में दलेर मेहंदी को धर्मेंद्र और शाहरुख खान जैसे सितारों के हेयरस्टाइल देखकर अपने बाल अलग-अलग अंदाज में रखने का मन करता था. लेकिन मां की बात और गुरु की शर्त के चलते उन्होंने अपने बाल नहीं कटवाए.

यानी दलेर मेहंदी के लंबे बाल सिर्फ उनका सिग्नेचर स्टाइल नहीं, बल्कि उनके गुरु और मां से जुड़े विश्वास की भी निशानी हैं.

जब टैक्सी चलाकर गुजारा करते थे दलेर मेहंदी

दलेर मेहंदी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक और दिलचस्प किस्सा साझा किया था. उन्होंने बताया कि वह सैन फ्रांसिस्को में कुछ अतिरिक्त पैसे कमाने के लिए टैक्सी चलाया करते थे. उसी दौरान उनके बड़े भाई, जो खुद भी उस्ताद थे और संगीत जगत में अच्छी पहचान रखते थे, ने उनकी मुलाकात मशहूर संगीतकार अमजद अली खान से करवाई.

पहली मुलाकात में अमजद अली खान ने दलेर मेहंदी से उनका नाम और काम पूछा. जब उन्हें पता चला कि दलेर गजलें गाते हैं, तो उन्होंने सिंगर से कुछ लाइनें सुनाने को कहा. उनकी आवाज सुनकर अमजद अली खान काफी प्रभावित हुए.

Advertisement

दलेर मेहंदी के मुताबिक, अमजद अली खान ने उनकी आवाज की तारीफ करते हुए कहा था कि वह एक दिन बहुत मशहूर होंगे, लेकिन उन्हें अपने बाल नहीं कटवाने चाहिए. इस तरह लंबे बालों को लेकर उनके गुरु की सलाह के साथ एक और दिग्गज संगीतकार की बात भी जुड़ गई.

शराब से दूरी को दलेर मेहंदी ने अपनी आवाज से भी जोड़ा

दलेर मेहंदी पहले भी कह चुके हैं कि शराब से दूर रहना उनकी आवाज को बरकरार रखने की वजहों में से एक है. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्होंने कभी शराब नहीं पी और उनका मानना है कि इससे उनकी आवाज को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद मिली.

सिंगर ने यह भी बताया था कि आज के दौर में पांच साल पुरानी अपनी आवाज को दोबारा उसी तरह बनाए रखना भी चुनौती हो सकता है. इसके बावजूद उन्होंने करीब 27 साल पहले गाया अपना गाना ‘ना ना ना रे’ दोबारा रिकॉर्ड किया था. इस गाने को राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी की फिल्म विक्की विद्या का वो वाला वीडियो के लिए नए अंदाज में पेश किया गया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »