चप्पलों से पिटाई करती थीं मां, स्कूल से दूर भागते थे बॉबी देओल, खोले बचपन के राज!

बॉबी देओल ने अपने बचपन का किस्सा बताया है कि कैसे प्रिंसिपल ने उन्हें स्कूल आने से मना कर दिया था. स्कूल न जाने और पढ़ाई में मन न लगाने पर बॉबी की मां प्रकाश कौर उन्हें खूब डांटती और चप्पल से मारती थीं.

Advertisement
पढ़ना नहीं चाहते थे बॉबी देओल (Photo: Instagram @bobbydeol) पढ़ना नहीं चाहते थे बॉबी देओल (Photo: Instagram @bobbydeol)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

देओल परिवार के छोटे बेटे बॉबी देओल मां प्रकाश कौर को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं. एक छोटे से गांव से मुंबई जैसे बड़े शहर में आकर उन्होंने दिवंगत सुपरस्टार धर्मेंद्र के साथ अपना घर-परिवार बसाया. घर में बच्चों को अनुशासन में रखने की जिम्मेदारी भी ज्यादातर उन्हीं की थी. बॉबी ने बताया कि मां की सख्ती की वजह से उनकी खूब पिटाई भी हुई है, वो भी चप्पलों से.

Advertisement

हिंदी बोलने के लिए खाई मार

बॉबी ने अपने बचपन का एक मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि स्कूल में पढ़ाई को लेकर उनकी मां उन्हें खूब डांटती थीं और कई बार पिटाई भी कर देती थीं. आप की अदालत में बातचीत के दौरान जब बॉबी से कहा गया कि वो पढ़ाई में अच्छे रहे होंगे, तो एक्टर ने हंसते हुए जवाब दिया- बिल्कुल नहीं. स्कूल न जाने की वजह से मुझे बहुत मार पड़ती थी. सच कहूं तो मुझे स्कूल जाना ही पसंद नहीं था.

बॉबी ने बताया कि बचपन में वो ज्यादातर हिंदी में बात करते थे, जबकि उनका स्कूल अंग्रेजी माध्यम का था. इस वजह से स्कूल से उनकी मां के पास शिकायत पहुंची कि अगर उनका बेटा हिंदी में ही बात करता है तो उसे हिंदी मीडियम स्कूल में डाल देना चाहिए.

Advertisement

उन्होंने कहा- उस शिकायत के बाद मुझे बहुत डांट पड़ी. फिर मैंने ठान लिया कि हिंदी भूलकर अंग्रेजी सीखनी है. हालत ये हो गई कि अब मैं ज्यादातर अंग्रेजी में ही सोचता हूं.

पीटते-पीटते घर लाईं मां

बॉबी ने आगे बताया- हमारा घर स्कूल के पास ही था. कई बार सुबह मां मुझे मारते-मारते स्कूल छोड़ने जाती थीं. एक दिन प्रिंसिपल ने मेरी मां से कहा कि अगर आपका बेटा पढ़ना नहीं चाहता तो इसे वापस घर ले जाइए. बस फिर क्या था, मां मुझे वापस घर भी मारते हुए ही लेकर आईं. उनकी सबसे पसंदीदा 'हथियार' चप्पल हुआ करती थी.

वहीं, सनी देओल ने भी पिछले साल 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में अपनी मां को लेकर ऐसा ही किस्सा सुनाया था. जब उनसे पूछा गया कि क्या धर्मेंद्र ने कभी उन्हें मारा है, तो सनी ने कहा- पापा ने मुझे कभी नहीं मारा. उनकी आंखें ही काफी थीं. उनका हाथ तो 20 किलो का है. मम्मी से तो बहुत मार खाई है. उन्होंने ही हमें सीधा रखा. कई बार चोट लग जाती थी, खून भी निकल आता था, लेकिन मम्मी चप्पल से मारना नहीं छोड़ती थीं.

वर्क फ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल जल्द ही अनुराग कश्यप की फिल्म 'बंदर' में नजर आएंगे. ये एक्शन-थ्रिलर फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके अलावा वो वाईआरएफ की फिल्म 'अल्फा' में भी दिखाई देंगे, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी भी अहम भूमिकाओं में हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »