'कॉफी विद करण 9' के हालिया एपिसोड में, जाह्नवी कपूर से उनके बॉयफ्रेंड के भाई, वीर पहाड़िया के लिए डेटिंग सलाह मांगी गई. उन्होंने तुरंत जवाब दिया, 'उसे कभी किसी कॉन्सर्ट में मत ले जाना.' इस बात ने होस्ट करण जौहर और बाकी मेहमानों को हैरान कर दिया.
अब सोशल मीडिया पर उनके इस बयान ने सबका ध्यान खींचा, लेकिन साथ ही उन्हें लोगों की आलोचना का भी सामना करना पड़ा. नेटिज़न्स ने उन पर तारा सुतारिया के साथ सेलिब्रिटी विवाद को हवा देने का आरोप लगाया.
जाह्नवी कपूर की हुई ट्रोलिंग
करण जौहर के टॉक शो में तारा के बारे में दिए गए इस बयान के बाद, जाह्नवी को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. एक यूजर ने लिखा, 'वह फेमिनिस्ट तभी बनती हैं जब इसमें उनका अपना फायदा हो.' हालांकि तारा ने जाह्नवी के बयान पर कोई रिएक्शन नहीं दिया, लेकिन इंटरनेट पर लोगों ने खूब बातें कहीं.
एक यूजर ने लिखा, 'जाह्नवी ने AP ढिल्लों के कॉन्सर्ट को लेकर सीधे तारा सुतारिया पर निशाना साधा, लेकिन तारा के पास पलटवार करने का एक बेहतरीन मौका था, 'कम से कम मैंने 'पेडी' (Peddi) जैसी फिल्म में तो काम नहीं किया है!'
जाह्नवी की टिप्पणी पर रिएक्शन देते हुए एक अन्य यूजर ने कहा, 'सेलिब्रिटी विवादों की वापसी हो गई है.' एक और यूजर ने कहा, 'किसी दूसरी महिला को नीचा दिखाना कोई अच्छी बात नहीं है. तारा सुतारिया पर उनकी टिप्पणी बहुत खराब थी.' एक नाराज फैन ने कहा, 'किसी नैरेटिव को सेट करने के लिए किसी महिला को नीचा दिखाना बिल्कुल भी सही नहीं है.'
खबरों के अनुसार, तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया जनवरी 2026 में अलग हो गए थे, जबकि उनके रिश्ते के सार्वजनिक होने के कुछ ही महीने बाद ही ऐसा हुआ. यह कपल दिसंबर 2025 में तब चर्चा में आया था, जब तारा ने मुंबई में AP ढिल्लों के कॉन्सर्ट में उनके साथ मंच पर आकर 'थोड़ी सी दारू' गाना परफॉर्म किया था. दर्शकों के बीच मौजूद वीर का एक वीडियो सामने आया, जिससे यह कयास लगाए जाने लगे कि गायक द्वारा तारा को गले लगाने और उनके गाल पर किस करने से वीर असहज हो गए थे.
हालांकि, तारा और वीर दोनों ने ही इन वायरल दावों का खंडन किया. तारा ने इन झूठी बातों और भ्रामक एडिट्स को गलत बताया. कॉन्सर्ट से जुड़े इस विवाद ने उनके रिश्ते में खटास की अफवाहों को और हवा दी, लेकिन न तो तारा और न ही वीर ने कभी सार्वजनिक रूप से यह पुष्टि की कि क्या इसी वजह से उनका ब्रेकअप हुआ, और न ही उन्होंने अपने अलग होने का कोई कारण बताया.
'कॉफी विद करण 9' के एक एपिसोड के दौरान, जाह्नवी कपूर ने वीर को सलाह दी कि 'उसे कभी किसी कॉन्सर्ट में मत ले जाना'. इसके बाद यह विवाद फिर से सामने आ गया, जिससे दर्शकों को लगा कि कॉन्सर्ट वाले विवाद की वजह से ही उनका ब्रेकअप हुआ था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क