फिल्म 'ओ रोमियो' में विलेन का किरदार निभाने के अब अविनाश तिवारी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. 24 अप्रैल को अविनाश की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' रिलीज हो रही है. इसमें उनके साथ '12वीं फेल' फेम एक्ट्रेस मेधा शंकर नजर आएंगी. ये फिल्म एक चुलबुली दिल्ली की लड़की और एक शर्मीले छोटे शहर के लड़के की कहानी है. उनके परिवार अरेंज मैरिज की मुश्किलों गुजरते हैं.
अरेंज मैरिज का आइडिया हुआ फेल
लेकिन क्या अविनाश तिवारी खुद अपनी असल जिंदगी में शादी के लिए तैयार हैं? उन्होंने न्यूज18 से बातचीत में कहा, 'अब तो शायद वो भी नहीं होगी, क्योंकि अगर मेरी अरेंज मैरिज होनी होती, तो अब तक हो गई होती.' पिछले कुछ सालों में उनके परिवार ने कई रिश्ते दिखाए और उन्होंने कई लड़कियों से मुलाकात भी की, लेकिन बात शादी तक नहीं पहुंची.
एक मुलाकात को याद करते हुए एक्टर ने कहा, 'एक बार मेरी छोटी बहन ने मुझे किसी से मिलने के लिए मजबूर किया था. मैंने भी उसे शादी के लिए कहा था, तो उसने एहसान लौटाया. मैं उस लड़की से मिला, हम करीब साढ़े तीन घंटे तक बातें करते रहे. आखिर में मैं उसे उसके घर छोड़कर आया.'
अविनाश ने आगे बताया, 'अगले दिन परिवार वालों ने पूछा कि मुझे वह कैसी लगी. मैंने कहा, 'मुलाकात अच्छी थी, लेकिन एक बार मिलकर मैं कैसे फैसला कर सकता हूं?' उन्होंने फिर मिलने के लिए कहा, लेकिन दूसरी मुलाकात शादी की दिशा में एक और कदम होती. वो मुझे बहुत ज्यादा प्रेशर लेने वाला लगा.'
अविनाश का मानना है कि सिर्फ बातचीत के आधार पर जीवनसाथी चुनना आसान नहीं है. उन्होंने कहा, 'मैं किसी से भी साढ़े तीन घंटे बात कर सकता हूं. छह-सात बार मिलने के बाद भी कैसे तय करें कि वही सही इंसान है? मुझे नहीं लगता कि यह सिस्टम पूरी तरह काम करता है. लेकिन हां, अगर आप लोगों से मिलेंगे नहीं, तो सही साथी मिलने की संभावना भी कम हो जाएगी.' उन्होंने आगे कहा, 'इससे आत्मविश्वास जरूर बढ़ता है, लेकिन हमारे पेशे में हम बहुत लोगों से मिलते हैं. तीन घंटे किसी के साथ भी अच्छे निकल सकते हैं, इसलिए मैं कोई फैसला नहीं ले पाया.'
अविनाश तिवारी ने यह भी बताया कि एक समय ऐसा था जब वह खुद शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार ने यह कहकर मना कर दिया कि वह अभी बहुत छोटे हैं. यह वही समय था जब उन्होंने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. खैर, अभी फिलहाल हम अविनाश की शादी पर्दे पर फिल्मों में भी होती देख सकते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क