सदी के महानायक अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को 84 साल के हो जाएंगे. इस उम्र में भी वो सुपर एक्टिव हैं. फिटनेस का बिग बी काफी ख्याल रखते हैं. फिल्मों और टीवी पर बैक टू बैक काम कर रहे हैं. इन दिनों वो कौन बनेगा करोड़पति 18 की शूटिंग में बिजी हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं बढ़ती उम्र के साथ उन्हें हेल्थ रिलेटेड कई इश्यूज हो रहे हैं.
अमिताभ क्यों हुए परेशान?
अपने हालिया ब्लॉग में बिग बी ने बताया कि वर्क शेड्यूल की वजह से वो रेस्ट नहीं कर पा रहे हैं. उनकी नींद पूरी नहीं हो रही है. वो सोने के लिए स्ट्रगल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि रात की अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी है. लेकिन वो ऐसा नहीं कर पा रहे हैं.
बिग बी ने ब्लॉग में लिखा- लोग कहते हैं रात की नींद इंसान के शरीर के लिए बेस्ट रिपेयर मैकेनिज्म है. लेकिन मेरे लिए इसके लिए समय निकालना मुश्किल हो रहा है. लेकिन आज रात मेरी जल्दी सोने की कोशिश है. ताकि सुबह जल्दी उठकर काम पर जा सकूं. ये अलग तरह की फीलिंग है..दिमाग में कई सारे विचार और आइडियाज हैं. कुछ हासिल करने का जुनून और वो सब कुछ पाने की इच्छा है, जिसे कभी हमने अपना गोल माना था. इसी सोच से आपको अपने लक्ष्य तक पहुंचने की ताकत मिलती है. अब मुझे बिस्तर की तरफ भागना चाहिए.
अमिताभ बच्चन अक्सर ब्लॉग में अपने दिल का हाल बताते हैं. कुछ समय पहले उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति 18 के सेट पर फिसलकर गिरने की जानकारी दी थी. इसकी वजह से उनके घुटने में चोट लग गई थी. उन्होंने बताया था कि उनके लिए ज्यादा देर तक खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है. इतने सारे हेल्थ इश्यूज के बावजूद बिग बी अपने काम के पक्के हैं. वो प्रोफेशनल लाइफ के साथ समझौता किए बिना रोजाना काम पर जाते हैं. अपने हिस्से का शूट कंप्लीट करते हैं. ये एक्टिंग और काम के प्रति उनकी ईमानदारी और जुनून को दिखाता है.
वर्कफ्रंट पर, अमिताभ बच्चन के कई प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं. उन्हें पिछली बार रजनीकांत के साथ फिल्म Vettaiyan में देखा गया था. फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में वो नजर आएंगे. इसके अलावा वो केबीसी 18 होस्ट कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क