कॉमेडियन जाकिर खान हाल ही में एक अवॉर्ड शो में अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए. उन्होंने कहा कि फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता से बॉलीवुड में कई लोग जल रहे हैं. उनका ये बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. हालांकि जाकिर का ऐसा कहना बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल को रास नहीं आया. उन्होंने एक पोस्ट को शेयर करते हुए जवाब दिया है. और नफरत न फैलाने की बात कही है.
अमीषा ने दिया जवाब
अमीषा पटेल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर खुलकर अपनी राय दी और फिल्म इंडस्ट्री का बचाव किया.
अमीषा ने लिखा- दोस्त, नेगेटिविटी फैलाना बंद करो. फिल्म इंडस्ट्री ने हमेशा टैलेंट की कद्र की है और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को सम्मान दिया है. शाहरुख खान, सलमान खान, सनी देओल, ऋतिक रोशन और अजय देवगन जैसे सुपरस्टार्स ने सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि 25 से ज्यादा मेगा हिट फिल्में दी हैं और आगे भी देते रहेंगे.
अमीषा ने आगे लिखा- थोड़ा शांत रहो… ‘गदर’ जैसी सफलता तो इंडस्ट्री सालों से हासिल करती आ रही है और आगे भी करती रहेगी.
हालांकि, अमीषा के इस पोस्ट पर यूजर्स ही उन्हें सलाह दे रहे हैं कि- मैम जाकिर खान ने कुछ लोगों के लिए ये बात कही थी. जो जेनुइन हैं उनके लिए नहीं. आपको समझना चाहिए.
क्या है विवाद?
दरअसल, जाकिर ने होस्टिंग के दौरान बॉलीवुड पर हल्का-फुल्का लेकिन तीखा तंज कस दिया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है. रोस्ट करते हुए उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता को लेकर इंडस्ट्री के रिएक्शन को फेक लव कह दिया और कई सितारों पर निशाना साधा.
जाकिर ने कहा था- कितने ही बधाई पोस्ट आप डाल दें, कितनी ही स्टोरीज डाल दें, कितने ही इंटरव्यू में बोल दें ‘मेरी फेवरेट फिल्म’, मगर सच तो ये है कि धुरंधर से सबकी जलती है.
उनका ये बयान सुनकर ऑडियन्स हंस पड़ी, लेकिन सोशल मीडिया पर इस पर बहस छिड़ गई. उन्होंने मजाक को और आगे बढ़ाते हुए कहा- बम फिल्म में फूटे ल्यारी में, पर धुआं उठ रहा है बांद्रा से जुहू में. इस लाइन पर भी इवेंट में खूब तालियां और ठहाके लगे.
लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर जाकिर का ये वीडियो खूब वायरल हुआ.
aajtak.in