धुरंधर 2 की रिलीज डेट जिस दिन अनाउंस हुई थी, उसी दिन से बॉलीवुड से साउथ तक बाकी फिल्मों के शेड्यूल बिगड़ने लगे थे. अब धुरंधर 2 की सुनामी का लेटेस्ट शिकार बनती नजर आ रही है अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला.
लॉकडाउन के बाद से लगातार स्ट्रगल करते अक्षय के लिए भूत बंगला बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है. इस फिल्म में वो 14 साल बाद प्रियदर्शन के साथ काम करने जा रहे हैं. इस जोड़ी ने पहले हेराफेरी, भागमभाग और भूलभुलैया जैसी आइकॉनिक कॉमेडी फिल्में दी हैं. लेकिन ये चर्चा है कि धुरंधर 2 के चक्कर में भूत बंगला अब एक हफ्ते बाद रिलीज होगी.
भूत बंगला की नई रिलीज डेट
अक्षय और प्रियदर्शन की फिल्म, भूत बंगला 10 अप्रैल को रिलीज होने के लिए शिड्यूल थी. कुछ समय पहले ही फिल्म का टीजर भी आया था, जिसे जनता से काफी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला. मगर अब वैरायटी इंडिया का दावा है कि भूत बंगला की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने धुरंधर 2 के चलते अपनी फिल्म एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया है.
धुरंधर 2 अभी थिएटर्स में दमदार बिजनेस कर रही है. इसका बॉक्स ऑफिस ट्रेंड बता रहा है कि कम से कम और दो हफ्ते ये तगड़ी कमाई करती रहेगी. ऐसे में स्क्रीन शेयरिंग से लेकर, हाइप बटोरने तक भूत बंगला का सफर खासा मुश्किल हो सकता है. हो सकता है कि इसी मुश्किल से बचने के लिए भूत बंगला को एक हफ्ते टाल दिया गया हो. रिपोर्ट में इसकी नई रिलीज डेट 17 अप्रैल बताई गई है. हालांकि मेकर्स ने अभी ऐसी कोई अनाउंसमेंट नहीं की है.
धुरंधर 2 बनी इन फिल्मों के रास्ते में स्पीड ब्रेकर
आदित्य धर ने धुरंधर की पूरी कहानी एकसाथ शूट की थी. लेकिन फिल्म लंबी हो गई तो उन्होंने दो पार्ट में रिलीज करने का फैसला किया. इसलिए दिसंबर 2025 में पहला पार्ट रिलीज करते ही, उन्होंने दूसरे पार्ट की रिलीज डेट भी 19 मार्च 2026 अनाउंस कर दी थी.
धुरंधर 2 की रिलीज डेट अचानक आने की सबसे पहली कैजुअल्टी यश की फिल्म बनी. धुरंधर 2 से होने वाले नुकसान को देखते हुए और युद्ध के चलते मिडल ईस्ट में छिड़ी अशांति की वजह से टॉक्सिक टाल दी गई. क्योंकि ऐसे हालात में इसे अरब में रिलीज मिलना मुश्किल है.
19 मार्च को ही तेलुगु स्टार अदिवि शेष की एक्शन ड्रामा डकैत भी रिलीज होनी थी. पर धुरंधर 2 के आने से ये फिल्म भी टली और अब 10 अप्रैल को रिलीज होगी. लेकिन जब 10 अप्रैल के लिए शेड्यूल भूत बंगला ही धुरंधर 2 के चक्कर में टल रही है, तो डकैत का न जाने क्या होगा!
19 मार्च के लिए बॉलीवुड फिल्म धमाल 4 और हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन प्रोजेक्ट हेल मैरी भी लाइन में थीं. पर धमाल 4 अब 4 जुलाई तक जा चुकी है. प्रोजेक्ट हेल मैरी एक हफ्ते टलने के बाद 26 मार्च को थिएटर्स में पहुंच चुकी है.
26 और 27 मार्च को तेलुगु इंडस्ट्री की दो पैन इंडिया फिल्में भी आने वाली थीं— राम चरण की पेद्दी और नानी की द पैराडाइस. मगर धुरंधर 2 का भौकाल देखने के बाद इन दोनों ने भी रास्ता बदल लेना ही ठीक समझा. पेद्दी अब 30 अप्रैल और द पैराडाइस 21 अगस्त को आएंगी.
कुल मिलाकर धुरंधर 2 अबतक आधा दर्जन फिल्मों की रिलीज डेट बदलवा चुकी है. रणवीर सिंह की फिल्म 10 दिनों से रोजाना 40 करोड़+ नेट कलेक्शन कर रही है. ऐसे ही चलता रहा तो आधा अप्रैल भी धुरंधर 2 के नाम रहेगा. अब देखना है कि धुरंधर 2 से बचकर भागीं ये फिल्में अपनी नई डेट्स पर कितनी कामयाब होती हैं.
अपडेट: भूत बंगला के मेकर्स ने फिल्म का नया गाना 'तू ही दिसदा' शेयर करते हुए रिलीज डेट 10 अप्रैल ही कन्फर्म की है.
सुबोध मिश्रा