सुपरस्टार आमिर खान अपने बेटे जुनैद को बॉलीवुड में चमकने की पूरी कोशिश में लगे थे. उन्होंने फिल्म एक दिन प्रोड्यूस की थी, जो एक थाई फिल्म 'वन डे' की रीमेक थी. लेकिन ऑडियंस को जुनैद की ये फिल्म उतनी खास नहीं लगी. नतीजा, ये बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हो गई.
आमिर के बेटे जुनैद खान की ये दूसरी लगातार फ्लॉप फिल्म है. उनकी पिछली फिल्म 'लवयापा' भी लोगों को पसंद नहीं आई थी. हालांकि इस फ्लॉप बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के बावजूद, जुनैद को फिल्में ऑफर हो रही हैं. एक्टर ने अपने हालिया इंटरव्यू में कहा है कि बजाय फ्लॉप फिल्मों के उन्हें काम इसलिए मिल रहा है, क्योंकि वो आमिर खान के बेटे हैं.
क्यों जुनैद को मिल रहा फिल्मों में काम?
विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर जुनैद ने स्टार किड्स की कास्टिंग पर बात करते हुए कहा- प्रोड्यूसर्स को अपनी फिल्में बेचनी होती हैं, इसलिए वो उसी इंसान को काम देते हैं जिसे वो आसानी से बेच सकें. उनकी पहली सोच ये होती है कि क्या चीज बिकेगी, फिल्म के लिए क्या सही है और क्या नहीं. वो ये नहीं देखते कि कौन सा एक्टर किरदार के लिए सबसे बेस्ट है, बल्कि ये देखते हैं कि किस एक्टर को मार्केटिंग में आसानी से बेचा जा सकता है.
आमिर के बेटे ने इस तरीके को पूरी तरह गलत बताते हुए अपना पक्ष रखा और कहा, 'मेरे लिए ये इंसाइडर-आउटसाइडर का झगड़ा नहीं है. बात सिर्फ इतनी है कि किसी को सिर्फ इसलिए रोल मत दो क्योंकि उसे बेचा जा सकता है. फिल्म के लिए जो सही हो, उसी को चुनो.' जुनैद आगे ये भी मानते हैं कि इंडस्ट्री में आज वो जिस मुकाम पर हैं, वो अपने पिता के कारण ही हैं.
नेपोटिज्म पर जुनैद की राय
उन्होंने कहा- नेपोटिज्म जो शब्द है, वो मुझे परेशान नहीं करता क्योंकि ये सच्चाई है. मुझे काम इसलिए मिलता है क्योंकि मैं आमिर खान का बेटा हूं. अभी 2 फ्लॉप्स के बाद काम मिल रहा है, काम करने दीजिए ना.' जुनैद की फिल्म 'एक दिन' 1 मई को थिएटर्स में 'राजा शिवाजी' फिल्म के साथ रिलीज हुई थी.
जहां राजा शिवाजी को अभी भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वहीं जुनैद की फिल्म एक हफ्ते में ही बुरी तरह पिट गई. इसका नेट कलेक्शन 5 करोड़ रुपये से भी कम रहा, जो उनकी पिछली फिल्म लवयापा से भी कम है. इस फिल्म में तमिल एक्ट्रेस साई पल्लवी भी हैं, जिनका ये बॉलीवुड डेब्यू था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क