फराह खान बॉलीवुड इंडस्ट्री की मोस्ट फेमस कोरियोग्राफर, डायरेक्टर और यूट्यूबर हैं. फराह ने करियर के पीक पर साल 2004 में शिरीष कुंदर संग शादी रचा ली थी.
फराह की शादी को 22 साल हो चुके हैं. फराह के पति उम्र में उनसे 8 साल छोटे हैं. लेकिन शादी के सालों बाद भी उम्र का फासला उनके रिश्ते में कभी अड़चन नहीं बना.
फराह ने अब शिरीष कुंदर संग अपनी मैरिड लाइफ पर बात की है. शिरीष कुंदर संग शादी के 22 साल पूरे होने पर फराह ने कहा कि उनकी शादी से रोमांस खत्म नहीं हुआ है, बल्कि इसकी जगह किसी और खास चीज ने ले ली है.
एक्टर शेखर सुमन के यूट्यूब शो में फराह खान ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की. अपनी मैरिड लाइफ के अलावा फराह ने ढलती उम्र में मां बनने के फैसले पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि वो अब प्यार को बिल्कुल अलग नजरिए से देखती हैं.
फराह से पूछा गया कि शादी के बाद अक्सर रिश्ते से शुरुआती रोमांस वाला जुनून क्यों गायब हो जाता है? इसके जवाब में फराह ने कहा कि शादी से पहले लोग जिन चीजों के पीछे भागते हैं, वो चीज मिलने के बाद उनका क्रेज कम हो जाता है.
पति शिरीष संग अपने रिश्ते पर बात करते हुए फराह ने कहा- अब मैं दूसरी चीजों में शिरीष की वैल्यू करती हूं. एक पिता के तौर पर और एक ऐसे इंसान के रूप में जो पूरे परिवार का ख्याल रखता है.
फराह ने पति की तारीफ करते हुए आगे कहा कि शिरीष उनके घर की वो मजबूत नींव हैं, जो पूरे परिवार को बांधकर रखते हैं.
फराह ने बताया कि शिरीष तीनों बच्चों की परवरिश बहुत बेहतरीन तरीके से करते हैं. उन्होंने कहा कि शिरीष तीनों बच्चों की पढ़ाई को लेकर काफी सीरियस रहते हैं. बच्चों के लिए वो किसी दूसरे की मदद लेने के बजाय खुद उन्हें गाइड करना ज्यादा ठीक समझते हैं.
पति के लिए फराह बोलीं- वो एक शानदार पिता हैं. लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि मेरे तीनों बच्चों को इतनी अच्छी यूनिवर्सिटीज में इतनी जल्दी एडमिशन कैसे मिल गया? मैं उनसे कहती हूं कि बच्चों के पिता ही उनके काउंसलर हैं. वो तीनों बच्चों का ख्याल रखते हैं. उनको पूरा टाइम देते हैं.
बता दें कि फराह ने शिरीष कुंदर से साल 2004 में शादी की थी. शादी के बाद उन्होंने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया था.
फराह के ट्रिपलेट्स बच्चे IVF से हुए थे. इससे पहले फराह ने बताया था कि जब उन्होंने आईवीएफ (IVF) ट्रीटमेंट की शुरुआत की थी तब उनकी उम्र 42 साल थी और 43 की उम्र में उन्होंने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया था. फराह पति और बच्चों संग खुशहाल लाइफ जी रही हैं.
(All Photo:Instagram/farahkhankunder)