भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की जिंदगी किसी सुपरहिट फिल्म की कहानी से कम नहीं रही है. गरीबी और संघर्ष से लेकर स्टारडम की बुलंदियों तक पहुंचने वाले पवन सिंह ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. उनकी निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही है. अब उनकी इसी प्रेरणादायक यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी शुरू हो गई है.
पवन सिंह की जिंदगी पर बनेगी फिल्म!
खास बात ये है कि पवन सिंह की जिंदगी पर बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है. फिल्म की शूटिंग उनके पैतृक गांव जोकहरी में की जा रही है, जहां खुद पवन सिंह मौजूद हैं. जैसे ही गांव वालों को उनके आने की खबर मिली, उन्हें देखने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा.
भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फिल्म पवन सिंह के संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी को दर्शाएगी. शूटिंग के दौरान गांव में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. हजारों लोग अपने चहेते स्टार की एक झलक पाने के लिए मौके पर पहुंच गए. कई लोगों ने शूटिंग के दृश्य भी अपने मोबाइल में कैद किए.
भीड़ को देखते हुए पवन सिंह की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. शूटिंग सेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई, ताकि काम में किसी तरह की रुकावट न आए. हालांकि, पवन सिंह अपने फैंस का अभिवादन करना भी नहीं भूले और लोगों का प्यार स्वीकार किया.
पैतृक गांव में हो रही शूटिंग
गांव के लोगों का कहना है कि पवन सिंह का अपने गांव से हमेशा खास जुड़ाव रहा है. व्यस्त शेड्यूल के बावजूद वो समय-समय पर अपने गांव आते रहते हैं. ऐसे में उनकी जिंदगी पर बन रही फिल्म की शूटिंग गांव में होना लोगों के लिए गर्व की बात है. लोगों का मानना है कि पवन सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भोजपुरी इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया है. उनकी कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकती है और यही वजह है कि फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
दिखेगी निजी जिंदगी की उथल-पुथल?
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या फिल्म से सिर्फ उनके करियर से जुड़े स्ट्रगल को दिखाया जाएगा. निजी जिंदगी पर कोई जिक्र नहीं होगा? जगजाहिर है कि पवन सिंह की शादीशुदा और लव लाइफ हमेशा की पब्लिक आई में रही है. उनकी पहली पत्नी नीलम ने आत्महत्या कर ली थी, ज्योति सिंह से हुई दूसरी शादी अब भी कोर्ट-कचहरी में फंसी हुई है. वहीं इस बीच उनके भोजपुरी एक्ट्रेस-सिंगर अक्षरा सिंह से अफेयर ने भी खूब बवाल मचाया था.
वहीं, काम के मोर्चे पर भी पवन सिंह लगातार व्यस्त हैं. जल्द ही वो दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव के साथ रियलिटी सीरीज 'भोजपुरी बवाल' में नजर आने वाले हैं. इस शो में दर्शकों को भोजपुरी सितारों की असली जिंदगी और उनके अनदेखे पहलुओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क