भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आने वाली हैं. शो शुरू होने से पहले ही चर्चा में आ गया. इसके प्रोमो तेजी से वायरल हो रहे हैं. लेटेस्ट प्रोमो में आम्रपाली दुबे ने मां बनने की इच्छा जाहिर की. उनके इस फैसले ने हर किसी को चौंका दिया है. फैन्स आम्रपाली की बात सुन इमोशनल हो रहे हैं.
मां बनना चाहती हैं आम्रपाली
‘भोजपुरी बवाल’ के नए प्रोमो में आम्रपाली दुबे, निरहुआ और अपने परिवार से मन की बात कहती दिखीं. आम्रपाली दुबे मंदिर में माथा टेकने के बाद अपने निरहुआ के सामने बैठती हैं और कहती हैं. वो कहती हैं- अपनी पूरी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा निर्णय लेने जा रही हूं. मुझे नहीं पता कि इस फैसले का नतीजा क्या होगा, मेरा परिवार कैसे रिएक्ट करेगा, मेरे फैंस कैसे रिएक्ट करेंगे, लेकिन मुझे ये करना है. मैं मां बनना चाहती हूं.
इस बात को सुनते ही उनके पिता समेत घर के सभी सदस्य कुछ पल के लिए सन्न रह जाते हैं. निरहुआ ने कहा कि ये इतना आसान नहीं होगा. आम्रपाली आत्मविश्वास के साथ हां तो कहती हैं, लेकिन उनकी आंखें नम हो जाती हैं. वो कहती हैं- बच्चे को अकेले बड़ा करना बहुत ज्यादा आसान नहीं है. निरहुआ ने कहा कि मुझे लग रहा है कि आपसे ज्यादा आपके घरवालों को... फिर आम्रपाली अपनी बात जारी करते हुए कहती हैं कि उनका एक ही शादी... शादी... शादी... निरहुआ कहते हैं कि तो आप करती क्यों नहीं हो. निरहुआ की बात सुनकर आम्रपाली हैरान हो जाती हैं.
आम्रपाली के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. कई लोग कयास लगा रहे हैं कि आम्रपाली बिना शादी के मां बनने का फैसला कर सकती हैं, जबकि कुछ फैंस उनके इस बड़े ऐलान के पीछे की सच्चाई जानने के लिए बेचैन हैं.
शो की बात करें, तो ‘भोजपुरी बवाल’ जियोहॉटस्टार पर 2 अगस्त 2026 से शुरू होने वाला. ये एक भोजपुरी रियलिटी एंटरटेनमेंट शो है, जिसमें दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पवन सिंह, काजल राघवानी समेत भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क