नागपुर MLC चुनाव में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी की जीत, लगातार दूसरी बार मारी बाजी

कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी ने नागपुर स्नातक विधान परिषद चुनाव में लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है. वंजारी एक अनुभवी अधिवक्ता और शिक्षाविद् हैं, जो लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं.

Advertisement
नागपुर से कांग्रेस प्रत्याशी की एमएलसी चुनाव में जीत हुई है नागपुर से कांग्रेस प्रत्याशी की एमएलसी चुनाव में जीत हुई है

अभिजीत करंडे

  • नागपुर,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:37 AM IST

महाराष्ट्र के नागपुर से स्नातक विधान परिषद चुनाव (MLC) में कांग्रेस नेता अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने जीत हासिल की है. उन्होंने लगातार दूसरी बार इस सीट पर जीत दर्ज की है. इससे पहले दिसंबर 2020 में भी उन्होंने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता था. अभिजीत वंजारी पेशे से अधिवक्ता और शिक्षाविद् हैं. वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं.

Advertisement

अभिजीत वंजारी ने 2020 में महा विकास अघाड़ी (MVA) के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और 18 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी. नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लंबे समय तक बीजेपी का गढ़ माना जाता रहा है. ऐसे में उनकी 2020 की जीत को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना गया था.

कौन हैं अभिजीत वंजारी?
अभिजीत वंजारी नागपुर के एक राजनीतिक परिवार से आते हैं. उनके पिता स्वर्गीय गोविंदराव मारोतराव वंजारी दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके थे. अभिजीत वंजारी ने राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय से कला स्नातक (BA) और विधि स्नातक (LLB) की पढ़ाई की है. वह नागपुर विश्वविद्यालय की सीनेट और प्रबंधन परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं.

छात्र राजनीति से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
अभिजीत वंजारी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी. वह 1998 से 2002 तक महाराष्ट्र प्रदेश एनएसयूआई (NSUI) के महासचिव रहे. इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव पद की जिम्मेदारी मिली. वह कई वर्षों तक नागपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता भी रहे हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में काम कर चुके हैं.

Advertisement

अभिजीत वंजारी ने विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी. उन्होंने 2005 में दक्षिण नागपुर विधानसभा उपचुनाव और 2014 में पूर्व नागपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. हालांकि, दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय
राजनीति के साथ अभिजीत वंजारी शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. वह नागपुर के अमर सेवा मंडल शिक्षण संस्था के सचिव हैं. यह संस्था विदर्भ क्षेत्र में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, कानून, मैनेजमेंट और कला-विज्ञान से जुड़े कई कॉलेज संचालित करती है. इसके अलावा वह गोविंद अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं. गोविंदराव वंजारी फाउंडेशन के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान अभियान, पौधरोपण और युवा विकास से जुड़े सामाजिक कार्यक्रम भी संचालित करते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »