आंध्र प्रदेश में कम कीमत पर मिलेगी क्वालिटी वाली शराब! चंद्रबाबू नायडू ने मतदाताओं से किया वादा

तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव से पहले एक 'उत्साही' चुनावी वादा किया है.

Advertisement
तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू. तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 3:08 PM IST

आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के नेतृत्व वाला विपक्ष राज्य में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव से पहले एक अनोखा वादा लेकर आया है. टीडीपी ने कम कीमतों में अच्छी क्वालिटी वाली शराब के वादे के साथ वोटर्स को लुभाने की कोशिस की है. टीडीपी सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपनी लोकसभा सीट कुप्पम में एक हालिया रैली में यह वादा किया.

Advertisement

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मैं आपको बता रहा हूं कि 40 दिनों के बाद (TDP सरकार बनने पर), हम न केवल गुणवत्ता वाली शराब, बल्कि कीमतें कम करने की भी जिम्मेदारी लेंगे. उन्होंने राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगाने के अपने 2019 के चुनावी वादे से पीछे हटने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी और उनकी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना की.

कुप्पम में अपने संबोधन के दौरान चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह 'हमारे छोटे भाइयों' की मांग है कि शराब की कीमतें कम की जाएं.

एन चंद्रबाबू नायडू ने आगे कहा कि शराब की दरों सहित सभी वस्तुओं की कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं, जो आसमान छू रही हैं. जब मैं शराब का जिक्र करता हूं, तो हमारे छोटे भाई खुश हो जाते हैं. वे चाहते हैं कि शराब की कीमतें कम की जाएं. यह जगन मोहन रेड्डी ही हैं, जिन्होंने कीमत 60 से 200 रुपए बढ़ा दी है. 

Advertisement

'सूबे में मिलती है खराब गुणवत्ता वाली शराब?'

आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार ने कथित तौर पर 2019-20 में 17,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के मुकाबले 2022-23 में एक्साइज रेवेन्यू के जरिए लगभग 24,000 करोड़ रुपये इकट्ठा किए. विशेष रूप से, आंध्र प्रदेश में शराब सरकार के स्वामित्व वाली दुकानों के जरिए बेची जाती है. चंद्रबाबू नायडू ने कई मौकों पर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार पर खराब गुणवत्ता वाली शराब की आपूर्ति करने और बढ़ी हुई कीमतों से हजारों करोड़ रुपये तक का मुनाफा कमाने का आरोप लगाया है.

यह भी पढ़ें: इलेक्शन कमीशन ने चंद्रबाबू नायडू को जारी किया नोटिस, सीएम जगन मोहन रेड्डी पर की थी विवादित टिप्पणी

बीजेपी ने की थी जांच की मांग

लोकसभा चुनाव के लिए एनडीए में टीडीपी के सहयोगी और जन सेना पार्टी (JSP) प्रमुख और एक्टर पवन कल्याण ने भी आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर लोग वाईएसआर कांग्रेस पार्टी द्वारा आपूर्ति की गई शराब का सेवन जारी रखेंगे तो वे बीमार पड़ जाएंगे. आंध्र प्रदेश बीजेपी प्रमुख डी पुरंदेश्वरी ने पहले राज्य में शराब कारोबार की जांच की मांग की थी.

पिछले महीने, बीजेपी-टीडीपी-जन सेना पार्टी ने आंध्र प्रदेश में आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे पर समझौता किया. बीजेपी 6 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं, टीडीपी को 17 लोकसभा और 144 विधानसभा सीटें दी गई हैं. जन सेना पार्टी को दो लोकसभा और 21 विधानसभा सीटें दी गई हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »