केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 'आजतक' से बात करते हुए कहा कि केंद्र में फिर से एनडीए सरकार बनने जा रही है क्योंकि लोग चाहते हैं कि एक स्थिर सरकार बने. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को निशाने पर लिया. वित्त मंत्री ने कहा, 'हम वापस आ रहे हैं. जमीनी स्तर पर चर्चा है कि लोग स्थिर सरकार चाहते हैं. महिलाओं ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिला है.'
कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश का संविधान बदलने का काम कांग्रेस ने किया हैं. उन्होंने सवाल किया कि देश इमरजेंसी लगाने से लेकर बाबा साहब अंबेडकर के संविधान के मूल रूप में सेक्युलर शब्द किसने जोड़ा था? विपक्ष से सवाल पूछा जाना चाहिए कि यदि उनकी सरकार आएगी तो वो धारा 370 निरस्त करेंगे या नहीं ?
वामंपथी तर्कों का सहारा ले रहे हैं राहुल
राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए वित्त मंत्री ने कहा, 'वह अति वामपंथी तर्कों को अपना रहे हैं. उनकी दादी और पिता बेरोकटोक क्रोनी कैपिटलिज्म में शामिल थे. हमने दलितों और आदिवासियों को सम्मान और लाभ दिया है. जब (पूर्व) पीएम कहते हैं कि संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है. क्या यह ध्रुवीकरण नहीं है? राहुल एक्स-रे कराने की बात करते हैं और लालू मुस्लिम आरक्षण की बात करते हैं, इसका क्या मतलब है? कांग्रेस की प्रतिबद्धता तुष्टीकरण की राजनीति के प्रति है.'
यह भी पढ़ें: 'जब होना होगा, होगा...', बिहार को स्पेशल स्टेटस देने के सवाल पर बोलीं निर्मला सीतारमण
यह पूरा गुंडों का गिरोह
सीएम केजरीवाल का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल करप्शन के केस में जेल गए थे ना कि उन्हें बीजेपी ने जेल भेजा था. इससें कोई फर्क नहीं पड़ता है कि किस की सरकार बनेगी. कोर्ट का आदेश है कि उन्हें एक जून के बाद में जेल में जाना पड़ेगा.' खुद को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पार्टी अगर आदेश देती तों मैं चुनाव लड़ती जरूर लड़ती.
स्वाति मालीवाल से जुड़े सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा, 'एक सांसद कह रही हैं कि मुझे सीएम के सचिव ने सीएम आवास में पीटा है, जबकि सीएम वहां मौजूद थे. अगर वह भेदिया हैं तो आपने उन्हें राज्यसभा क्यों भेजा? अगर वह एक भेदिया हैं (जो वह हैं नहीं), तो आप उसे मारेंगे? यह पूरा गुंडा गिरोह है.'
इलेक्टोरल बॉन्ड पर संसद से पारित हुआ था कानून
विपक्ष द्वारा इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर सरकार पर किए जा रहे हमलों का जवाब देते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, 'Electoral Bond संसद से पास क़ानून था. ये आरोप गलत है कि Electoral Bond के ज़रिए सिर्फ़ बीजेपी ने फंड लिया सभी राजनैतिक दलों ने फंड लिया हैं. इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों ने कैसे फंड लिया हैं सब जानते हैं. ये कांग्रेस की पॉलिसी हैं आमिर को आमिर बनाना और ग़रीब को ग़रीब बनाना.'
यह भी पढ़ें: 'AAP महिलाओं का अपमान करने वालों को देती है बढ़ावा', निर्मला सीतारमण का वार
हिमांशु मिश्रा