मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने मेडिकल प्रवेश को सरल बनाने के लिए काउंसलिंग में कई बदलाव किए गए हैं. प्रक्रिया को आसान बनाना, कागजी काम कम करना और उम्मीदवारों के लिए पूरी प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाना है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने काउंसलिंग शुरू होने से पहले ये नए अपडेट राज्य काउंसलिंग अधिकारियों को भेज दिए हैं.
सामने नहीं होना होगा उपस्थित
इसमें जो बदलाव सबसे ज्यादा अच्छा है वह यह है कि अब सीट अपग्रेड कराने वाले छात्रों को मेडिकल कॉलेज में खुद जाकर उपस्थित होने की जरूरत नहीं होगी. पहले छात्रों को मिली हुई सीट के लिए कॉलेज जाकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिससे अपग्रेड चाहने वाले उम्मीदवारों को परेशानी होती थी. नए नियम के तहत, जो छात्र आगे की काउंसलिंग में सीट अपग्रेड के लिए हिस्सा लेना चाहते हैं, उनकी पहले से मिली सीट सुरक्षित रहेगी. इससे छात्रों और अभिभावकों का समय, पैसा और यात्रा की परेशानी कम होगी.
ऑनलाइन होगा सारा काम
एमसीसी ने छात्रों के लिए ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा भी शुरू की है. यानी अब जिन उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार अपनी आवंटित सीट से नाम वापस लेना है, वे ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए सीट छोड़ सकेंगे. इससे छात्रों को कॉलेज जाकर अलग से प्रक्रिया पूरी करने की परेशानी नहीं होगी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवार अब निर्धारित समय सीमा के भीतर एमसीसी काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से अपना त्यागपत्र जमा कर सकते हैं, जिससे त्यागपत्र प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवंटित मेडिकल कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी. यह सुविधा प्रत्येक काउंसलिंग चरण के लिए लागू नियमों और समयसीमा के अनुसार उपलब्ध होगी.
NRI कोटा के लिए दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है
डीम्ड यूनिवर्सिटी में NRI कोटा की सीटों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार अपने जरूरी दस्तावेज MCC के काउंसलिंग पोर्टल पर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे. इससे पहले दस्तावेज जमा करने में ज्यादा समय और अतिरिक्त प्रक्रिया लगती थी. नई व्यवस्था से सत्यापन प्रक्रिया आसान और ज्यादा पारदर्शी हो जाएगी.
उम्मीदवारों को मिलेगी सुविधा
MCC ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि मेडिकल एडमिशन से जुड़ी जरूरी जानकारी उम्मीदवारों को आसानी से उपलब्ध कराई जाए. इसमें सीटों की संख्या, कॉलेज फीस और अन्य जरूरी विवरण शामिल होंगे. इसका मकसद छात्रों को काउंसलिंग के दौरान सही फैसला लेने में मदद करना है. NEET UG 2026 के पुनर्परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब MCC जल्द ही काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर सकता है. नए बदलावों से मेडिकल उम्मीदवारों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
आजतक एजुकेशन डेस्क