विदेशों में बसे भारतीय परिवारों की सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि उनका बच्चा इंग्लिश तो अच्छे से बोल लेता है लेकिन उन्हें उनकी भारतीय भाषा न तो बोलनी आती है और न ही लिखने. ऐसे में आप घर बैठे इन बच्चों को पढ़ा सकते हैं और डॉलर में कमाई कर सकते हैं. इसे लेकर सोशल मीडिया पर ‘स्वाति इन मेलबर्न’ नाम के अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में जानकारी दी गई है. वीडियो में दावा किया गया है कि भारत में रहते हुए ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय बच्चों को ऑनलाइन भारतीय भाषाएं सिखाकर कमाई की जा सकती है. इस वीडियो के जरिए उन्होंने बताया है कि ये काम कैसे शुरू करना चाहिए, क्या करना होगा और इसके लिए कितने पैसे मिलते हैं, तो चलिए जानते हैं.
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय बच्चों को पढ़ाने का मौका
दरअसल, विदेश में रहने वाले कई भारतीय परिवार चाहते हैं कि उनके बच्चे अपनी मातृभाषा या भारतीय भाषाओं को बोलना, पढ़ना और लिखना सीखें. ऐसे में ऑनलाइन ट्यूटर उनके लिए एक विकल्प बनते हैं. विदेश में रह रहे अभिभावक ऐसे लोगों की तलाश करते हैं, जो उनके बच्चों को पढ़ा सके. इसके लिए भारतीय युवा ऑनलाइन माध्यम से उन्हें पढ़ा सकते हैं. लेकिन इसके पहले उन्हें अपनी प्रोफाइल बनानी होगी जिसमें उन्हें बताना होगा कि वह कौन सी भाषा सबसे अच्छी तरह पढ़ा सकते हैं. इसमें अपनी भाषा, पढ़ाने का अनुभव और उपलब्ध समय की जानकारी दे सकते हैं.
इन अकाउंट्स पर करें DM
पोस्ट किए गए वीडियो में महिला ने बताया कि अपनी प्रोफाइल को तैयार करके, ऐसे पेरेंट्स के अकाउंट पर DM करें जिन्हें इसकी जरूरत हो. आप शुरुआत में कम फीस रखकर डेमो क्लास के जरिए भी छात्र जोड़ सकते हैं. कई ट्यूटर प्लेटफॉर्म पर पहली क्लास मुफ्त या ट्रायल क्लास का विकल्प भी देते हैं. वीडियो में महिला ने ये भी बताया कि पहली डेमो क्लास फ्री करें ताकि पेरेंट्स को आपके पढ़ाने का आइडिया लग सके.
कितनी कमाई हो सकती है?
वीडियो में महिला ने बताया है कि ऑनलाइन बच्चों को पढ़ाने वाले टीचरों को 30 डॉलर प्रति घंटा यानी 2048 रुपये की कमाई कर सकते हैं. इस काम की खास बात यह है कि इसके लिए जरूरी नहीं कि आप ऑस्ट्रेलिया में ही रहें. ऑनलाइन क्लास होने के कारण भारत में बैठकर भी ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले बच्चों को पढ़ाया जा सकता है.
आजतक एजुकेशन डेस्क