देश की राजधानी दिल्ली स्थित अमर कॉलोनी में हुए आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी राहुल मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने जो खुलासे किए उसे सुनकर पुलिसवाले भी सन्न रह गए. इस बीच राहुल मीणा की इंस्टाग्राम प्रोफाइल सामने आई है जिसमें वह बीएमडब्लू, मर्सिडीज और थार जैसी लग्जरी कारों के साथ रील बनाता नजर आ रहा है.
राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है आरोपी
बता दें कि राहुल मीणा राजस्थान के अलवर जिले के कुंदरोली का रहने वाला है. पूर्व में वह आईआरएस अधिकारी के आवास पर घरेलू सहायक के रूप में काम करता था. लेकिन बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इंस्टाग्राम पर उसके महज 109 फॉलोअर्स हैं. उसने कुछ ही पोस्ट डाली हुई हैं. आखिरी पोस्ट पिछले साल नवंबर को डाली गई थी. इसी में वह लग्जरी गाड़ियों के पास खड़ा होकर वीडियो बनाता दिख रहा है. बैकग्राउंड में पंजाबी सॉन्ग बज रहा है.
ऑनलाइन गेम की लत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑनलाइन गेम '3 पत्ती' और लड़कियों की लत के कारण राहुल अपराधी बन गया. गेम से पैसे कमाकर वह घर पर लड़कियां बुलाता था. इसी सनक में 21 अप्रैल को उसने अलवर में एक शादीशुदा महिला से दुष्कर्म किया. आरोपी ने पीड़िता के शरीर पर दांतों से काटा और जान से मारने की धमकी देकर दिल्ली फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. इस दौरान उसने अमर कॉलोनी में घर में घुसकर IRS की बेटी की रेप के बाद हत्या कर दी.
ऐसे की थी अधिकारी की बेटी की हत्या
दरअसल, आरोपी राहुल को मृतका के घर और उसके माता-पिता के जिम जाने के समय की पूरी जानकारी थी. 21 अप्रैल की सुबह वह बिल्डिंग में घुसा और सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया, जहां लड़की UPSC की पढ़ाई कर रही थी. राहुल ने लड़की का गला दबाकर उसे काबू करने की कोशिश की, लेकिन विरोध करने पर उसने भारी चीज और लैंप से सिर पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया.
बेहोशी की हालत में आरोपी ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया और फिर चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया. लूटपाट के इरादे से राहुल ने मृतका को सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे रूम तक लाया ताकि उसके फिंगरप्रिंट से डिजिटल लॉकर खोल सके. हालांकि, ब्लड सर्कुलेशन रुकने और हाथों में खून लगे होने के कारण लॉकर नहीं खुला.
पेचकस से लॉकर तोड़कर कैश और ज्वेलरी लूटी
आखिर में उसने पेचकस से लॉकर तोड़कर कैश और ज्वेलरी बैग में भर ली. अपने कपड़ों पर खून के धब्बे देख आरोपी ने अपना पेंट और जूते वहीं छोड़ दिए. उसने अलमारी से लड़की के भाई की पेंट और घर में रखी चप्पल पहनी और मौके से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, लॉकर खोलने की कोशिश के दौरान ही लड़की की मौत हो चुकी थी.
फिलहाल, पुलिस इस बात से हैरान है कि आरोपी ने दिल्ली से 190 किमी दूर अलवर में पड़ोस की महिला के साथ रेप क्यों किया. उसकी इस क्रूर और अजीब हरकत के कारण अब शक हो रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार हो सकता है या साइको किलर हो सकता है. हालांकि, ये सारी चीजें जांच के बाद ही क्लियर होंगी.
हिमांशु शर्मा / अरविंद ओझा / अंशुल सिंह