अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार को मुंबई के जुहू में फायरिंग की गई. वह फुटबॉल खेलने के बाद घर लौट रहे थे. इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी BMW पर कई राउंड फायर किए. हालांकि, टाइगर श्रॉफ इस हमले में सुरक्षित हैं, लेकिन उनके ड्राइव को चोटें लगी हैं. उन्हें इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है. अनिल पंडित के नाम से फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले सलमान खान के साथ काम करने को लेकर चेतावनी दी गई थी, जिसे नजरअंदाज करने के बाद उन्हें निशाना बनाया गया. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
अनिल पंडित मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और फिलहाल अमेरिका में है. उसे लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया गया है. अनिल पंडित पहले भी कई हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा कर चुका है. वहीं, हरमन संधू भी विदेश में रहता है.
पहले भी बड़े मामले में नाम आया
अनिल पंडित का नाम इससे पहले हरियाणा के मशहूर सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था. उस घटना में सिंगर बाल-बाल बच गए थे. वारदात के बाद अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है. AAP ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर हमला करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. पार्टी ने आरोप लगाया कि जनता परेशान है और अपराधी बेखौफ हैं, जबकि मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों के दौरे में व्यस्त हैं.
अरविंद ओझा