राजधानी दिल्ली में खुलेआम लूटपाट और गोलीबारी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक दुकान में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया और दुकान में बैठे लोगों को गोली मार दी. भागते समय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की.
मामला पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपुर इलाके का है. पुलिस के मुताबिक, इलाके की एक दुकान में रविवार दोपहर दो बाइक सवार 6 नकाबपोश बदमाश दाखिल हुए. बदमाशो ने अंदर घुसते ही पहले तो दुकान में बैठे तीन लोगों को गोली मारी और फिर लूटपाट करने लगे.
गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई. घायल दो युवक जब बदमाशों का विरोध करते हैं तो उन पर फिर से फायर झोंक देते है. लूटपाट करने के बाद बदमाश बाहर निकलते हैं और भीड़ को डराने के लिए हवाई फायर करते हुए भागने लगते हैं.
बदमाशों को भागते देख कुछ लोग उन्हें पकड़ने की कोशिश करते हैं. जिसमें एक बदमाश भीड़ के हत्थे चढ़ जाता है. गुस्साई भीड़ पकड़ में आए बदमाश की जमकर पिटाई कर देती है. जिसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश को भीड़ के कब्जे से छुड़वाकर अस्पताल में भर्ती करवाया.
वहीं गोली लगने से घायल हुए तीन लोगों को भी में भर्ती करवाया गया है. तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. बता दें कि यह पूरी वारदात पास ही में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है.
अरविंद ओझा / राहुल सिंह