100 से ज्यादा शिकायतें, 10 FIR, 14 दिन के लिए जेल भेजा गया रेप का आरोपी अशोक खरात

नासिक में स्वयंभू 'गॉडमैन' अशोक खरात को दुष्कर्म मामलों में कोर्ट ने 14 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उस पर कई महिलाओं ने शोषण के आरोप लगाए हैं और अब तक 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. एसआईटी जांच कर रही है और 100 से अधिक शिकायतें भी मिली हैं. छापे में अहम साक्ष्य और एक यांत्रिक सांप बरामद हुआ, जिससे लोगों को धोखा दिया जाता था.

Advertisement
10 FIR और 100 से ज्यादा शिकायतों के बाद SIT ने आरोपी अशोक खरात के बेटे को दबोचा (File Photo) 10 FIR और 100 से ज्यादा शिकायतों के बाद SIT ने आरोपी अशोक खरात के बेटे को दबोचा (File Photo)

aajtak.in

  • नासिक,
  • 01 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:19 PM IST

खुद को 'गॉडमैन' बताने वाले अशोक खरात के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. सत्र न्यायाधीश बी. एन. इचपुरानी की अदालत ने खरात को 14 अप्रैल तक जेल भेजने का आदेश दिया है. अब उसे नासिक रोड सेंट्रल जेल में रखा जाएगा.

अशोक खरात को 18 मार्च को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब 35 वर्षीय एक महिला ने उस पर तीन साल तक लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ कई अन्य महिलाओं ने भी दुष्कर्म और शोषण की शिकायतें दर्ज कराईं. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है.

Advertisement

बुधवार को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद खरात को अदालत में पेश किया गया, जहां एसआईटी ने उसकी न्यायिक हिरासत की मांग की. कोर्ट ने इस मांग को स्वीकार करते हुए उसे जेल भेज दिया. जानकारी के मुताबिक, खरात को गुरुवार को एक अन्य मामले में भी अदालत में पेश किया जाएगा.

अब तक नासिक के सरकारवाड़ा थाने में उसके खिलाफ कम से कम 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें से आठ यौन शोषण और दुष्कर्म से जुड़ी हैं, जबकि दो मामले धोखाधड़ी के हैं. इसके अलावा एसआईटी को फोन के जरिए 100 से अधिक शिकायतें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

जांच के दौरान बुधवार को एसआईटी की टीम ने खरात के बेटे हर्षवर्धन खरात को कर्मयोगी नगर स्थित उनके आवास से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, हालांकि देर रात उसे छोड़ दिया गया. वहीं, जांच एजेंसियां उसकी पत्नी कल्पना खरात की तलाश में भी जुटी हैं, जिनका नाम अहिल्यानगर जिले में दर्ज एक धोखाधड़ी मामले में सामने आया है.

Advertisement

अशोक खरात नासिक के सिन्नर क्षेत्र में एक मंदिर ट्रस्ट का संचालन करता था और वर्षों से कई राजनीतिक हस्तियां भी उसके संपर्क में रही हैं. पिछले सप्ताह एसआईटी और फॉरेंसिक टीम ने उसके कार्यालय पर छापा मारकर कई दस्तावेज, फाइलें और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए थे.

चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि उसके कार्यालय से 20 फीट लंबा रिमोट कंट्रोल से चलने वाला यांत्रिक सांप भी बरामद हुआ. आरोप है कि खरात इस नकली सांप का इस्तेमाल लोगों को यह विश्वास दिलाने के लिए करता था कि उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं और वह जिंदा सांप को नियंत्रित कर सकता है. फिलहाल, इस पूरे मामले में जांच जारी है और एसआईटी अन्य पीड़ितों और सबूतों को जुटाने में लगी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement