उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शख्स ने टीवी सीरियल सीआईडी देखकर अपने अपरहण की झूठी कहानी रच डाली. और पत्नी के ज़रिये अपने कोचिंग मालिक के खिलाफ ही अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया. लेकिन पुलिस ने पूरे मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
लखनऊ के हसनगंज में रहने वाला 26 वर्षीय अभिषेक तिवारी हजरतगंज इलाके की एक कोचिंग में काम करता था. एक दिन उसने सोनी टीवी के चर्चित सीरियल सीआईडी का एक एपीसोड देखकर अपने ही की साजिश रच डाली. उसने इस साजिश में अपनी पत्नी शालिनी को भी शामिल कर लिया.
उसकी योजना थी कि वह जिस कोचिंग में काम करता था, उसी के संचालक के खिलाफ झूठा अपहरण का दर्ज कराकर पैसा ऐंठ लेगा. प्लान के मुताबिक बीती पांच जून को अभिषेक अचानक लापता हो गया. प्लान के मुताबिक उसकी पत्नी ने थाने जाकर कोचिंग संचालक के खिलाफ अपहरण का झूठा मामला दर्ज करा दिया.
अभिषेक ने शालिनी से कहा था कि मुकदमा लिखने के बाद कोचिंग संचालक मामले को सुलझाने के लिए उसे पैसा ऑफर करेगा और वह उससे पैसे ऐंठ लेगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ बल्कि पुलिस ने सर्विलांस के ज़रिये अभिषेक की लोकेशन ट्रेस कर ली. उसकी लोकेशन बाराबंकी के एक गावं में मिली.
इसके बाद जब पुलिस अभिषेक तक जा पहुंची. जब उससे पूछताछ की गई तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया. लखनऊ के एसपी (पूर्वी) शिवराम यादव ने बताया कि आरोपी अभिषेक के खिलाफ मुकदमा लिखकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी पत्नी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
परवेज़ सागर