पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला, अब FSL टीम ने मौके से जुटाए सबूत, CCTV फुटेज की जांच

पटना में खान सर के खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट पर कथित हमले के बाद FSL टीम जांच में जुटी है. पुलिस ने पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के मामले में जांच तेज कर दी है. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
खान सर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है (फोटो-ITG) खान सर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है (फोटो-ITG)

शशि भूषण कुमार

  • पटना,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:16 PM IST

पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए कथित हमले के बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम जांच में जुट गई है. बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम के जांच अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां से सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. मामले को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Advertisement

यह घटना मंगलवार रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में हुई. पुलिस के अनुसार रात करीब 10:10 बजे सूचना मिली कि संस्थान में पत्थरबाजी की गई है और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.

बुधवार सुबह पुलिस के साथ FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. जांच अधिकारी घटनास्थल से विभिन्न प्रकार के सबूत और साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं. फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के दौरान वास्तव में क्या हुआ था और इसमें कितने लोग शामिल थे. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी.

पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि शुरुआती जांच और CCTV फुटेज की पड़ताल में पता चला है कि करीब 15 से 20 लोग इस घटना में शामिल हो सकते हैं. पुलिस का दावा है कि इनमें से कई लोग पटना के ही एक दूसरे कोचिंग संस्थान से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं. हालांकि अभी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है.

Advertisement

घटना के बाद खान सर, जिनका असली नाम फैसल खान है, ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके संस्थान में भारी नुकसान पहुंचाया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके गार्ड के साथ मारपीट की और गोलीबारी भी की. खान सर ने कहा कि कुछ लोगों को इस बात से परेशानी है कि उनका संस्थान कम फीस में छात्रों को पढ़ाकर अच्छे परिणाम दे रहा है.

हालांकि पुलिस ने गार्ड के साथ मारपीट की घटना की पुष्टि की है, लेकिन अब तक उपलब्ध CCTV फुटेज में गोलीबारी का कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है. इसी वजह से पुलिस ने फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति साफ हो पाएगी.

बुधवार को जब पत्रकारों ने खान सर से फायरिंग के दावे के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. उन्होंने कहा कि वह किसी विवाद या बहस में पड़ना नहीं चाहते और पुलिस को निष्पक्ष जांच करने देना चाहते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि पूरी रात संस्थान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे.

Advertisement

खान सर ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी अनुरोध किया कि संस्थान में बड़ी संख्या में पढ़ने वाले गरीब छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती जारी रखी जाए. उनका कहना है कि छात्रों की पढ़ाई और सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे माहौल में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

इस मामले पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर पुलिस महानिदेशक (DGP) से बात करेंगे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अगले तीन महीनों में सभी पक्षों से चर्चा कर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई नीति तैयार कर सकती है. वहीं पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

उधर, इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. रौशन आनंद के अलावा दो अन्य आरोपियों, अभिषेक और गौरव को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद इन आरोपियों को हिरासत में लिया गया.

इस मामले में खान कोचिंग की ओर से कन्हैया सिंह ने कदमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया था. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई शुरू की.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में फायरिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है. अब तक की जांच और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने के कोई सबूत नहीं मिले हैं. हालांकि, कोचिंग संस्थान के गार्ड के साथ मारपीट किए जाने की घटना की पुष्टि हुई है, जिसकी जांच भी जारी है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा. मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »