कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी को मिली 7 घंटे की कस्टडी पैरोल, जुड़वां बेटियों के धार्मिक अनुष्ठान में होगा शामिल

दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को 20 सितंबर को 7 घंटे की कस्टडी पैरोल दी है. वह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस सुरक्षा में हरियाणा के सोनीपत स्थित अपने गांव जठेड़ी जाएगा.

Advertisement
काला जठेड़ी पर 13 हत्या समेत 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं. (File Photo- PTI) काला जठेड़ी पर 13 हत्या समेत 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं. (File Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 16 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:21 PM IST

दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को 7 घंटे की कस्टडी पैरोल दी है. कोर्ट के आदेश के मुताबिक, वह 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस कस्टडी में हरियाणा के सोनीपत स्थित अपने गांव जठेड़ी में घर जा सकेगा.

काला जठेड़ी को यह अनुमति जुड़वां बेटियों के जन्म के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए दी गई है. उसकी पत्नी और लेडी डॉन के नाम से चर्चित अनुराधा चौधरी ने इसी साल जुड़वां बेटियों को जन्म दिया था. दोनों बच्चियों का जन्म आईवीएफ प्रक्रिया के जरिए हुआ है.

Advertisement

बता दें कि बच्चियों के जन्म से जुड़ी आईवीएफ प्रक्रिया के लिए काला जठेड़ी को पहले भी अदालत से अनुमति मिली थी. उस समय भी वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था. अब कोर्ट ने बच्चियों के जन्म के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए उसे सीमित अवधि की कस्टडी पैरोल दी है.

अदालत ने दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस को काला जठेड़ी की कस्टडी पैरोल के दौरान सुरक्षा और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया है. वह फिलहाल दिल्ली की केंद्रीय जेल में बंद है.

13 हत्या समेत 31 संगीन मामलों में आरोपी 

काला जठेड़ी पर हरियाणा में 13 हत्या और चार हत्या के प्रयास समेत 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. हरियाणा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.

Advertisement

फरीदाबाद पुलिस ने उस पर 5 लाख रुपये और गुरुग्राम एसटीएफ ने 2 लाख रुपये का इनाम रखा था. इस तरह अलग-अलग पुलिस इकाइयों की ओर से उसके खिलाफ कुल 7 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

2009 में अपराध की दुनिया में रखा कदम

सोनीपत के एक साधारण परिवार से आने वाला संदीप उर्फ काला जठेड़ी तीन भाइयों में सबसे बड़ा है. बताया जाता है कि उसने 2009 में अपराध की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद उस पर हत्या समेत कई गंभीर अपराधों में मामले दर्ज होते गए. पुलिस के मुताबिक, उसका नाम कई आपराधिक वारदातों से जुड़ा रहा है. अब वह दिल्ली की केंद्रीय जेल में बंद है और अदालत के आदेश के तहत 20 सितंबर को कुछ घंटों के लिए पुलिस सुरक्षा में अपने गांव जा सकेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »