कौन है हरमनवीर सिंह? FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल हुआ भारतीय

FBI की मोस्ट वॉन्टेड सूची में भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह भी शामिल हो गया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर वो कौन है? उस पर कौन-कौन से आरोप हैं? अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) और FBI उसके बारे में क्या कहती है? जानिए हरमनवीर की पूरी कहानी.

Advertisement
वॉन्टेड हरमनवीर सिंह के खिलाफ कई संगीन आरोप है (फोटो-ITG) वॉन्टेड हरमनवीर सिंह के खिलाफ कई संगीन आरोप है (फोटो-ITG)

परवेज़ सागर

  • नई दिल्ली,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST

अमेरिका की सबसे बड़ी जांच एजेंसी FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह का नाम भी शामिल हो गया है. FBI ने उसकी तस्वीर और पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करते हुए लोगों से उसकी गिरफ्तारी में मदद करने की अपील की है. जांच एजेंसी का दावा है कि वह कई फर्जी नामों का भी इस्तेमाल करता था, जिनमें हरि गौतम और हरमन संधू प्रमुख हैं. अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक हरमनवीर फिलहाल फरार है और लगातार उसकी तलाश की जा रही है.

Advertisement

हरमनवीर सिंह को क्यों तलाश रही FBI
FBI के अनुसार, हरमनवीर सिंह का जन्म 26 सितंबर 1994 को हुआ था और वह भारत का रहने वाला है. हरमनवीर सिंह पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा होने का आरोप है. जांच एजेंसी का दावा है कि वह ऐसे आपराधिक गिरोह से जुड़ा था, जो अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के बीच बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करता था. 

आरोप है कि यह नेटवर्क विभिन्न ड्रग सिंडिकेट्स तक प्रतिबंधित मादक पदार्थों की सप्लाई करता था. इन्हीं आरोपों के आधार पर 23 जून 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया (लॉस एंजिलिस) ने उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया. इसके बाद FBI ने उसे अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल कर लिया.

हरमनवीर सिंह पर क्या हैं इल्जाम?
FBI और अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) के दस्तावेजों के अनुसार हरमनवीर सिंह पर कई गंभीर संघीय आपराधिक आरोप लगाए गए हैं. जिनमें नियंत्रित मादक पदार्थों के वितरण और वितरण की साजिश रचने, प्रतिबंधित ड्रग्स के निर्यात की साजिश और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों को वितरण के उद्देश्य से अपने कब्जे में रखने जैसे आरोप शामिल हैं. अमेरिकी कानून के तहत ये सभी अपराध बेहद गंभीर श्रेणी में आते हैं और दोष सिद्ध होने पर लंबी जेल की सजा हो सकती है. हालांकि फिलहाल ये केवल आरोप हैं और अदालत में सुनवाई पूरी होने तक हरमनवीर सिंह को कानूनी रूप से दोषी नहीं माना जा सकता.

Advertisement

रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से संबंध
FBI का आरोप है कि हरमनवीर सिंह का संबंध रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से है. अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक यह गिरोह कनाडा के वैंकूवर से संचालित होता था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. जांच एजेंसियों का कहना है कि यह गिरोह अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में सक्रिय विभिन्न ड्रग तस्करी संगठनों तक कोकीन और मेथामफेटामाइन की सप्लाई करता था. इसी नेटवर्क की जांच के दौरान हरमनवीर सिंह का नाम सामने आया और उसके खिलाफ संघीय कार्रवाई शुरू की गई.

कई आरोपी गिरफ्तार, हरमनवीर अब भी फरार
अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार जुलाई 2026 में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया था. इस कार्रवाई के दौरान कई देशों में छापेमारी की गई और 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया. हालांकि कुछ आरोपी गिरफ्तारी से बच निकले, जिनमें हरमनवीर सिंह भी शामिल है. FBI का कहना है कि उसकी तलाश जारी है और उसके बारे में कोई भी विश्वसनीय सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित एजेंसी को सूचित किया जा सकता है.

वॉन्टेड है हरमनवीर सिंह 
इस मामले में यह समझना जरूरी है कि हरमनवीर सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन अभी अदालत में मुकदमे की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. FBI द्वारा उसे वांछित घोषित किया गया है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. हालांकि किसी भी आरोपी को तब तक दोषी नहीं माना जाता, जब तक अदालत में आरोप साबित न हो जाएं. इसलिए फिलहाल हरमनवीर सिंह अमेरिकी एजेंसियों का वांछित आरोपी है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »