सीबीआई ने रिश्वत मामले में चेन्नई के इनकम टैक्स अधिकारी और CA को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने रिश्वत के मामले में इनकम टैक्स अधिकारी और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि रिश्वत के मामले में केस दर्ज किया गया था, इसको लेकर टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है.

Advertisement
चेन्नई के IT अफसर और CA को किया अरेस्ट. (Representational image) चेन्नई के IT अफसर और CA को किया अरेस्ट. (Representational image)

मुनीष पांडे

  • नई दिल्ली,
  • 07 जनवरी 2023,
  • अपडेटेड 9:17 PM IST

सीबीआई ने चेन्नई में एक इनकम टैक्स अधिकारी और एक चार्टर्ड एकाउंटेंट को रिश्वत के मामले में अरेस्ट किया है. बताया जा रहा है कि सीपीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता संजय चिंचघरे, सहायक मूल्यांकन अधिकारी डी.मंजूनाथन और चार्टर्ड अकाउंटेंट सतगुरुदास और संपत्ति के मालिक सुरेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिसको लेकर सीबीआई ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, चिंचघरे चेन्नई इनकम टैक्स वैल्युएशन सेल में डिस्ट्रिक्ट वैल्यूएशन ऑफिसर के पद पर भी तैनात थे. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सीबीआई ने एक मामला दर्ज किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सुरेश ने आयकर रिटर्न में तमाम संपत्तियों के लेनदेन की बात कही थी.

साढ़े तीन लाख रुपए की मांगी गई थी रिश्वत

इस मामले को राष्ट्रीय फेसलेस असेसमेंट सेंटर नई दिल्ली ने आयकर मूल्यांकन सेल को भेजा था. उन्होंने बताया कि इसके बाद संपत्ति की जांच की गई, जिसमें आय से अधिक संपत्ति की बात सामने आई.

सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि वैलुएशन करने में सीपीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता संजय चिंचघरे शामिल थे. आरोप है कि इनकम टैक्स वैलुएशन सेल के अधिकारियों ने संपत्ति के मालिक सुरेश से 3.50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी. सुरेश ने अपने सीए सतगुरुदास के माध्यम से पैसे भेजे थे.

Advertisement

जानकारी के बाद सीबीआई ने आरोपियों को रंगे हाथों किया था गिरफ्तार

रिश्वत के कथित लेनदेन के बारे में जानकारी मिलने के बाद सीबीआई ने मंजूनाथन और सतगुरुदास को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान असिस्टेंट वैलुएशन ऑफिसर के पास से 2.25 लाख रुपए की राशि बरामद की गई. इसके साथ ही चार्टर्ड एकाउंटेंट के पास से दस्तावेज बरामद किए गए. 

उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान मंजूनाथन के कब्जे से नौ लाख रुपए बरामद किए गए, वहीं सतगुरुदास के पास से 1.25 लाख रुपए मिले. सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि आरोप था कि कुल 3.50 लाख रुपए की रिश्वत में से 1.25 लाख रुपए सीए ने मध्यस्थता को लेकर लिए. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »