'रिजॉर्ट को 5 स्टार रेटिंग दो...', कस्टमर्स को भी धमकाता था Ankita मर्डर केस का आरोपी

Uttarakhand: अंकिता मर्डर केस में हत्यारोपी रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य को लेकर एक पोस्ट वायरल हुआ है. इसमें बताया गया कि वह रिजॉर्ट को 5 स्टार रिव्यू देने के लिए कस्टमर्स को मजबूर करता था. अगर कोई कस्टमर रिजॉर्ट को 5 स्टार नहीं देता था तो वह उस कस्टमर को ही चोर कहकर रिव्यू का रिप्लाई देता था.

Advertisement
अंकिता भंडारी की हत्या के आरोपी पुलकित आर्य का रिजॉर्ट. (फाइल) अंकिता भंडारी की हत्या के आरोपी पुलकित आर्य का रिजॉर्ट. (फाइल)

अंकित शर्मा

  • देहरादून,
  • 24 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 8:56 AM IST

उत्तराखंड में रिजॉर्ट की रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की मौत के बाद पूरा प्रदेश गुस्से में है. इसी बीच आधी रात को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद इस हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाया गया. वहीं, अब एक और बात सामने आई है कि अंकिता की हत्या का आरोपी रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य का रवैया कस्टमर्स के साथ भी सही नहीं था. सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट से पता चला है कि वह अपने रिजॉर्ट को 5 स्टार रिव्यू देने के लिए कस्टमर्स को मजबूर करता था.

Advertisement

अगर कोई कस्टमर रिजॉर्ट को 5 स्टार नहीं देता था तो वह उसे धमकाता है. साथ ही कस्टमर को ही चोर कहकर रिव्यू का रिप्लाई देता था. सोशल मीडिया पर इस रिव्यू की तस्वीर भी वायरल हुई है.

एक कस्टमर के मुताबिक, ''रिजॉर्ट के मालिक का रवैया अच्छा नहीं है. वह लोगों को जबरन रिजॉर्ट को 5 स्टार गूगल रेटिंग देने के लिए बाध्य करता है. अगर कोई निगेटिव रिव्यू हो तो वह उसे स्वीकार नहीं करता.  अगर आप रिजॉर्ट में रहते हो तो आपको लगेगा जैसे आप पता नहीं कहां फंस गए. साथ ही इसके फोटो भी नकली दिखाए जाते हैं. जबकि असलियत में रिजॉर्ट बिल्कुल अलग-सा है. फोटो में जितना अच्छा लगता है, उतना है नहीं.''

इस पर रिजॉर्ट मालिक ने जवाब दिया, ''हेलो रीडर्स, ये लोग चोर थे जो हमारे रिजॉर्ट में ठहरे थे. ये लोग बिना बिल चुकाए और रिजॉर्ट से महंगी चीजें चुराकर भाग गए थे. ये लोग करीब 18 से 20 की संख्या में हमारे रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे. लेकिन जब ये लोग बिना बिल चुकाए और सामान चोरी करके भाग रहे थे तो हमने इनका पीछा किया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.''

Advertisement

वहीं, अंकिता मर्डर केस में डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि सीएम के आदेश के बाद पौड़ी प्रशासन और पुलिस ने रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की. आधी रात को ही पुलिस टीम ने आरोपी के रिजॉर्ट को ध्वस्त करवाना शुरू कर दिया. दरअसल, अंकिता की हत्या की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने रिजॉर्ट के अवैध निर्माण की शिकायत की थी.

अंकिता की हत्या के मामले में सीएम धामी ने भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. सीएम ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिस किसी ने भी यह जघन्य अपराध किया है, उसे हर हाल में कड़ी सजा दिलाई जाएगी. पुलिस अपना कार्य कर रही है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा.

बता दें कि अंकिता भंडारी की मौत के बाद लोगों में इतना गुस्सा है कि थाने ले जाए जा रहे तीनों आरोपियों की पुलिस जीप में ही पिटाई कर दी गई. फिर ग्रामीणों ने पुलकित आर्य के रिजॉर्ट में भी तोड़फोड़ की.

पूर्व राज्यमंत्री का बेटा है मुख्य आरोपी पुलकित

पुलिस ने अंकिता की हत्या के माले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 120-B के तहत केस दर्ज किया गया है. हत्या का मुख्य आरोपी पुलकित आर्य पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य का बेटा है. विनोद आर्य ने बेटे पर लगे आरोपों को झूठ बताया है.

Advertisement

धमकी दे रही थी अंकिता, हमने उसे नहर में धकेल दिया

वहीं, पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर की शाम को पुलकित और अंकिता का रिजॉर्ट में झगड़ा हुआ था. पुलकित ने कहा कि अंकिता गुस्से में है, इसे लेकर ऋषिकेश चलते हैं. एक आरोपी सौरभ भास्कर ने बताया कि सभी लोग बैराज होते हुए एम्स के पास पहुंचे. लौटते समय अंकिता और पुलकित एक स्कूटी पर थे. मैं और अंकित साथ में आए. हम बैराज चौकी से करीब 1.5 किमी पहुंचे, तो पुलकित अंधेरे में रुक गया था. हम भी रुक गए.

सौरभ ने पुलिस को बताया कि  हम वहीं रुककर शराब पीने लगे. इस दौरान अंकिता और पुलकित में फिर विवाद हो गया. अंकिता हमें अपने साथियों के बीच बदनाम करती थी. हमारी बातें अपने साथियों को बताती थी कि हम उसे कस्टमर से संबंध बनाने के लिए कहते हैं. अंकिता कहने लगी कि वह रिजॉर्ट की हकीकत सबको बता देगी और उसने पुलकित का मोबाइल नहर में फेंक दिया. अंकिता हमसे हाथापाई करने लगी तभी हमने गुस्से में उसे धक्का दे दिया और वह नहर में गिर गई.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement