सुशांत केसः परिवार का आरोप, मुंबई पुलिस ने गलत दर्ज किए थे बहनों के बयान

सुशांत के परिवार ने अब बेशक सुशांत की मौत के पीछे क़त्ल का अंदेशा जताया हो, लेकिन सुशांत के घरवाले पहले इसे खुदकुशी का मामला ही बता रहे थे और इसी आधार पर उन्होंने पहले पटना में अपनी रिपोर्ट भी लिखवाई थी.

Advertisement
परिवार ने फिर से सुशांत की हत्या किए जाने का दावा किया है परिवार ने फिर से सुशांत की हत्या किए जाने का दावा किया है

शम्स ताहिर खान / ऐश्वर्या पालीवाल

  • मुंबई,
  • 04 सितंबर 2020,
  • अपडेटेड 4:23 PM IST
  • सीबीआई की SIT कर रही है जांच
  • सुशांत की मौत के हर एंगल से जांच
  • ड्रग्स एंगल की जांच कर रहा है NCB

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जांच को दो हफ्ते से ज्यादा हो गए हैं. इसी दौरान सुशांत के घरवालों के वकील विकास सिंह ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए खुलासा किया कि उनकी मुवक्किल यानी सुशांत की बहनों ने मुंबई पुलिस को बयान कुछ दिया और मुंबई पुलिस ने लिख कुछ और लिया. यानी सुशांत की बहनों के गलत बयान दर्ज किए गए. 

Advertisement

वैसे सुशांत के परिवार ने अब बेशक सुशांत की मौत के पीछे क़त्ल का अंदेशा जताया हो, लेकिन सुशांत के घरवाले पहले इसे खुदकुशी का मामला ही बता रहे थे और इसी आधार पर उन्होंने पहले पटना में अपनी रिपोर्ट भी लिखवाई थी. फिर बाद में सीबीआई ने भी उनकी शिकायत के आधार पर इस मामले में एबेटमैंट टू सुसाइड यानी खुदकुशी के लिए उकसाने के मामला दर्ज किया था.

अब सवाल ये है कि आख़िर सुशांत के घरवालों के ऐसा कहने के पीछे दलील क्या है? क्यों सुशांत के परिवार को लगता है कि ये मामला क़त्ल का है? क्यों घरवाले ये सोच रहे हैं सुशांत के क़ातिल अब तक छुट्टा घूम रहे हैं? और क्यों उन्हें ये लगता है कि मुंबई पुलिस ने जानबूझ कर ग़लत बयान दर्ज कर लिया?

Advertisement

असल में विकास सिंह का ये कहना है कि सुशांत की बहनों ने अपने बयान में जो बातें कहीं, मुंबई पुलिस ने उसे अंग्रेज़ी या हिंदी में लिखने की बजाय मराठी में लिख लिया. इतना ही नहीं अपने हिसाब से उसे तोड़ मरोड़ कर उस पर सुशांत की बहनों से दस्तखत भी करा लिया. यहां तक कि बयान लिखने के बाद पुलिस ने उसकी कॉपी तक सुशांत के घरवालों को देने की ज़रूरत नहीं समझी. ऐसे में उन्हें ये भी समझ में नहीं आया कि आख़िर पुलिस ने क्या लिखा और क्या नहीं? 

वो तो जब उनकी बहनों का बयान की कॉपी गुरुवार को सामने आई, तब उन्हें पता चला कि उन्होंने मुंबई पुलिस को जो बयान दिया था, उससे सामने आई बयान की कॉपी मेल नहीं खाती है. अब सवाल ये उठता है कि आख़िर सुशांत की बहनों ने मुंबई पुलिस से कहा क्या था? और पुलिस ने उसमें क्या झोल कर दिया? तो फिलहाल इस मामले पर विकास सिंह ने भी अपनी बात साफ़ नहीं की.

आपको याद होगा सुशांत के घरवाले शुरू से ही इस मामले को खुदकुशी का मामला बता रहे थे और ये भी कह रहे थे कि इसके पीछे उनकी गर्लफ्रेंड रिया का हाथ है. लेकिन बाद में सुशांत के पिता ने सीधे सीधे ये आरोप लगाया था कि रिया ने ज़हर पिला कर सुशांत की जान ले ली और अब सुशांत की बहनों ने भी ये दावा किया है. उधर, सुशांत के घरवालों ने सुशांत की बीमारी को लेकर भी खुद को अंजान बताया था और कहा था कि अगर सुशांत डिप्रेशन में थे, तो रिया को इसकी जानकारी उसके घरवालों को देनी चाहिए थी, लेकिन रिया ने घरवालों को भरोसे में दिए बगैर सुशांत को दवाओं की ओवरडोज़ दी और उनकी जान चली गई.

Advertisement

लेकिन पिछले दिनों सुशांत की बहनों के साथ उनके मोबाइल चैट और अब सुशांत की बहनों के पुलिस को दिए गए बयान के सामने आने के बाद ये साफ़ हो गया कि सुशांत के घरवालों को उनकी बीमारी की ख़बर थी. हालांकि अब सुशांत के घरवालों के वकील विकास सिंह ने जब बयानों में तोड़ मरोड़ की बात कही है, तो इस मामले पर सवाल खड़ा हो गया है कि आख़िर उन्होंने बयान दिया क्या था और पुलिस ने लिखा क्या?

वैसे यहां ये भी बताना ख़ास है कि अब तक की जांच में सीबीआई के शक की सुई भी खुदकुशी की तरफ़ ही मुड़ रही है. फिर चाहे वो क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन की बात हो, फॉरेंसिक सबूतों की छानबीन का नतीजा, मौका-ए-वारदात से मिले सबूत, गवाहों और आरोपियों से लंबी पूछताछ या फिर कुछ और. सीबीआई को अब तक इस मामले में ऐसा कोई भी सुराग़ नहीं मिला है, जिससे वो इस मामले को क़त्ल का मामला मान कर अपनी तफ्तीश आगे बढ़ाए. हालांकि सीबीआई सूत्रों ने ये भी दावा किया है कि अभी उन्होंने अपनी जांच के सारे ऑप्शन खोल रखे हैं और आनेवाले दिनों में अगर ऐसा कोई सबूत सामने आता है, जिससे मामला क़त्ल का लगे, तो उस एंगल से भी जांच आगे बढ़ा सकते हैं. 

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »