नोएडा: पुलिसवालों ने खूब मिठाई खायी, फिर पैसे मांगने पर मारपीट की, वीडियो वायरल होने पर लाइन हाजिर

नोएडा में एक स्वीट हाउस के स्टाफ से मारपीट करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. सेक्टर-49 थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रविंद्र और कांस्टेबल पुष्पेंद्र सोमवार की रात सेक्टर- 41 स्थित एक स्वीट हाउस गए थे. यहां नशे की हालत में उन्होंने पैसे मांगने पर स्टाफ के साथ मारपीट की थी.

Advertisement
नोएडा के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू (सांकेतिक फोटो) नोएडा के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू (सांकेतिक फोटो)

aajtak.in

  • नोएडा,
  • 23 नवंबर 2022,
  • अपडेटेड 8:02 AM IST

नोएडा में नशे में धुत दो पुलिसकर्मियों को एक स्वीट हाउस के कर्मचारियों को पीटना भारी पड़ गया. उन्हें ऐसा करने पर वर्तमान पोस्टिंग से हटाते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है. दरअसल कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का उनका एक वीडियो वायरल हो गया था, जिसके बाद उन पर यह कार्रवाई हुई. पुलिस विभाग ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर विभाग जांच भी बैठा दी है.

Advertisement

स्वीट हाउस के ओनर भगत सिंह के मुताबिक सेक्टर-49 थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल रवींद्र और कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र सोमवार रात सेक्टर-41 स्थित एक स्वीट हाउस में खाना खाने आए थे. उसने बताया कि दोनों नशे में धुत थे. उन्होंने खाने के लिए कई तरह की मिठाई का ऑर्डर दिया. इसके बाद जब मेरे स्टाफ ने उनसे पेमेंट के लिए कहा तो पहले तो उन्होंने उसे गाली दी, इसके बाद उसके साथ मारपीट करने लगे. जब वह उन्हें रोकने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी मारा और कपड़े भी फाड़ दिए.

वहीं स्वीट हाउस के स्टाफ से मारपीट का वीडियो वायरल हो गया. यह मामला जब एडिशनल डिप्टी कमिश्नर आशुतोष द्विवेदी के संज्ञान में आया तो उन्होंने दोनों को मौजूदा पोस्टिंग से हटा दिया है.

पुलिस ऑफिसर ने इस मामले में कहा कि दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा है कि मारपीट के समय दोनों वर्दी में नहीं थे.

Advertisement

उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक रिपोर्ट असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है. एसीपी सुशील कुमार के तहत मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. इसके निष्कर्षों के आधार पर दो कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »