हॉस्टल संचालक की पत्नी और टीचर कर रहे थे गंदा काम, बच्चे ने देखा तो जान ले ली

मधेपुरा के जेडी पब्लिक स्कूल हॉस्टल में छह वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की मौत का मामला हत्या का निकला. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बच्चे ने आरोपी अंकित कुमार और एक महिला को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. बाद में हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को लटका दिया गया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement
आरोपियों ने बच्चे का मुंह और नाक दबा दिया. Photo ITG आरोपियों ने बच्चे का मुंह और नाक दबा दिया. Photo ITG

aajtak.in

  • मधेपुरा,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:26 AM IST

मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र स्थित जेडी पब्लिक स्कूल, खारी परमानंदपुर के हॉस्टल में छह वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में यह मामला हत्या का निकला है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

बुधवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने बताया कि 7 जून को मुरलीगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे छह वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की. वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया.

Advertisement

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर मृतक की मां गुंजन देवी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नेसार अहमद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसके हॉस्टल संचालक सुनील कुमार की पत्नी अंजली कुमारी के साथ अवैध संबंध थे. आरोपी के अनुसार, 6 जून की रात आनंद प्रेम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और शोर मचाने लगा.

पुलिस के मुताबिक, बच्चे को चुप कराने के उद्देश्य से अंकित कुमार ने उसका मुंह और नाक दबा दिया. कुछ देर बाद जब उसने हाथ हटाया तो बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि हॉस्टल संचालक सुनील कुमार की मदद से पहले शव को छिपाने का प्रयास किया गया. जब इसमें सफलता नहीं मिली तो हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए बच्चे के शव को रस्सी से लटका दिया गया.

पुलिस ने इस मामले में सहरसा जिले के कजरा निवासी अंकित कुमार और मधेपुरा जिले के मरूआहा वार्ड-4 निवासी हॉस्टल संचालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छह वर्षीय मासूम की मौत के इस मामले के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
इनपुट- मुरारी कुमार सिंह

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »