लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच में सामने आया है कि संदीप सिंह की हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था कराने में गंगाराम की अहम भूमिका थी. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस को सौंप दिया गया है.
27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था. हत्या की जांच उत्तर प्रदेश एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही थी, जिसमें लगातार आरोपियों की तलाश जारी थी.
जांच के दौरान एसटीएफ को गंगाराम यादव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. गंगाराम यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. एसटीएफ की टीम ने देर रात उसे लखनऊ के आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम खुलासे हुए हैं.
पूछताछ में गंगाराम यादव ने स्वीकार किया कि उसने संदीप सिंह की हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था कराने में मदद की थी. उसने बताया कि यह काम उसने दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर किया था. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की पूरी साजिश किस तरह रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही.
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गंगाराम यादव उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले का निवासी है. इससे पहले इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. गंगाराम की गिरफ्तारी को इस हत्याकांड की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है. फिलहाल आरोपी को पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उससे आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
संतोष शर्मा