प्रेम संबंध, शादी का दबाव और रेप के बाद मर्डर! नदी की रेत में दफन मिली महिला की लाश, 4 गिरफ्तार

झारखंड के चतरा जिले में नदी की रेत में दफन मिली महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेमी सूरज कुमार और उसके साथियों पर रेप, हत्या और लाश को रेत में दफनाने का आरोप है. इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को पकड़ा है (फोटो-ITG) पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को पकड़ा है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • चतरा,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:57 PM IST

झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने नदी की रेत के नीचे दफन मिली एक अज्ञात महिला की लाश के मामले का खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में प्रेम संबंध, शादी का दबाव, कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की कहानी सामने आई है. पुलिस ने जांच के बाद चार युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गया सामान भी बरामद कर लिया गया है.

Advertisement

यह मामला 6 जून को उस वक्त सामने आया था, जब पिपरवार इलाके में बहने वाली सफी नदी के किनारे रेत के नीचे एक महिला का शव मिला था. शव को रेत से ढंककर छिपाने की कोशिश की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा के एसपी अनीमेष नथानी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई. पुलिस ने जांच में रांची स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की भी मदद ली.

सिमरिया के एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि एफएसएल टीम से मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई. कई तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मृतका की पहचान की. जांच में पता चला कि महिला रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार और संपर्कों की पड़ताल शुरू की.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला 1 जून को घर से यह कहकर निकली थी कि वह मांडा मेले में जा रही है. इसी दौरान उसकी गतिविधियों और मोबाइल संपर्कों की जांच की गई. जांच में पता चला कि उसका खलारी थाना क्षेत्र के मनातू गांव निवासी सूरज कुमार से प्रेम संबंध था. महिला सूरज पर शादी करने का दबाव बना रही थी और कथित तौर पर शादी से इनकार करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी भी देती थी.

पुलिस के मुताबिक, इसी दबाव से परेशान होकर सूरज कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत 1 और 2 जून की रात महिला को मांडा मेला घुमाने और शादी को लेकर बातचीत करने का झांसा देकर पंडरिया जंगल बुलाया गया. वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रखी थी.

आरोप है कि जंगल में सूरज कुमार के सहयोगी राहुल भुइयां और रोहित कुमार महतो ने महिला के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद महिला की हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार हत्या के लिए चाकू और ईंट का इस्तेमाल किया गया. हत्या के बाद शव को सफी नदी के किनारे ले जाकर रेत में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने उन चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम शुरुआती एफआईआर में शामिल नहीं थे. गिरफ्तार आरोपियों में सूरज कुमार (19), पवन महतो (21), राहुल भुइयां (19) और रोहित कुमार महतो (19) शामिल हैं. सभी आरोपी रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र के मनातू गांव के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस उनसे आगे भी पूछताछ कर रही है.

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर मृतका की चप्पल, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, ईंट और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है. बरामद साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »