दिल्ली: बोलेरो के इंजन में छिपा था 40 किलो गांजा, पुलिस ने 6 तस्करों को दबोचा

राजधानी दिल्ली में पुलिस ने 6 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. ये तस्कर ओडिशा से दिल्ली लाकर गांजे की सप्लाई कर रहे थे. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. 

Advertisement
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए गांजा तस्कर दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए गांजा तस्कर

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 01 अप्रैल 2021,
  • अपडेटेड 1:51 PM IST
  • लंबे समय से सक्रिय था गिरोह
  • ओडिशा से लाया जा रहा था गांजा 
  • पुलिस ने 6 तस्कर किए गिरफ्तार 

दक्षिण पश्चिमी दिल्ली में आरके पुरम थाना पुलिस ने 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 40 किलो गांजा बरामद किया गया है. खास बात यह है कि तस्करों ने इस गांजे को गाड़ी के इंजन के आसपास कैविटी बनाकर उसमें छिपा कर रखा था.

पहले ट्रेन से करते थे तस्करी 
पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी ओडिशा से सड़क के रास्ते गांजे को दिल्ली लेकर आया करते थे और यहां के लोकल ड्रग तस्करों को बेच दिया करते थे. पकड़ में आए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पहले यह लोग ट्रेन से गांजा और दूसरी नशीली चीजें लेकर आया करते थे, लेकिन कोरोना के बाद से ट्रेनें कम हो गईं, जिसके बाद यह लोग सड़क के रास्ते तस्करी करने लगे.

Advertisement

अब गाड़ी का कर रहे थे इस्तेमाल 
अब ये लोग गांजे की तस्करी के लिए गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे. पुलिस से बचने के लिए इन लोगों ने कार के इंजन के आसपास जगह बना रखी थी और उसमें ड्रग के पैकेट को छुपा कर रख देते थे, ताकि आसानी से किसी की निगाह इन पर ना पड़े ऐसा करके ये पुलिस की पकड़ से बचे रहे.

इस तरह पकड़ा 
पुलिस के मुताबिक आरके पुरम थाने की पुलिस ने बैरीकेड लगाया हुआ था. इस बीच उनकी नजर एक बोलेरो गाड़ी पर पड़ी, जो बैरीकेड से 50 मीटर पहले ही अचानक ब्रेक मारकर रुक गई. गाड़ी को तुरंत घुमा कर तस्कर पीछे की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस को इन पर शक हो गया और पुलिस ने पीछा कर पहले गाड़ी रुकवा ली. जब पूरी गाड़ी की जांच की, तो उनकी नजर इंजन के पास की कैविटी पर पड़ी और फिर उसमें पुलिस को पैकेट नजर आए. जांच में पता लगा कि उसमें गांजा भरा हुआ है.

Advertisement

दिल्ली, ओडिशा के रहने वाले हैं आरोपी 
पकड़ में आए आरोपियों के नाम रामचंद्र, सुधाकर नायक, शरद दास, अभिमन्यु दास, शनि और सूरज हैं. पुलिस के मुताबिक शनि और सूरज दिल्ली के रहने वाले हैं, जबकि बाकी चारों उड़ीसा के रहने वाले हैं. रामचंद्र अपने साथियों के साथ ड्रग्स लेकर दिल्ली आया करता था और यहां पर वह सनी और सूरज को बेच दिया करता था. सनी और सूरज इसके बाद ड्रग्स को दिल्ली के लोकल तस्करों में बेच दिया करते थे.

पूछताछ कर रही पुलिस 
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पिछले काफी वक्त से इसी तरीके से ड्रग्स की तस्करी में लिप्त था. अब पुलिस इनसे पूछताछ कर यह जानने में लगी है कि रामचंद्र ओडिशा में कहां से ड्रग्स लेकर आया करता था और दिल्ली में सूरज और सनी ड्रग्स की सप्लाई किसे किया करते थे. 
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »