गोगी गैंग के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 50 लाख मांगने वाली पत्नी साथी समेत गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश का खुलासा किया है. कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया है. जांच में कैसे हुआ हत्या और हमले की साजिश का खुलासा? पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है (फोटो-ITG) पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है (फोटो-ITG)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:05 PM IST

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के नाम पर एक कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की सनसनीखेज साजिश का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े एक आरोपी रजत को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर कारोबारी से उगाही करने, उसकी मां की हत्या कराने और कारोबारी पर हमला कराने की साजिश रची थी. पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अहम चैट और सबूत भी मिले हैं.

Advertisement

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े उगाही रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर के एक थोक कारोबारी से गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. जांच में पता चला कि इस पूरी साजिश के पीछे कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़ा एक व्यक्ति रजत शामिल था. दोनों ने मिलकर कारोबारी और उसके परिवार को डराकर बड़ी रकम वसूलने की योजना बनाई थी.

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को कारोबारी के मोबाइल पर अमेरिका के एक नंबर से कॉल और मैसेज आए थे. कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो कारोबारी और उसके पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी. इसके अलावा कारोबारी के घर और दुकान की तस्वीरें तथा लोकेशन भी भेजी गई थीं, जिससे परिवार में दहशत फैल गई थी.

Advertisement

धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने लक्ष्मी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दी गई. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि साजिश में स्थानीय लोगों की भी भूमिका हो सकती है.

स्पेशल सेल की टीम तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से हरियाणा के सोनीपत निवासी रजत तक पहुंची. पुलिस ने 25 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. पता चला कि वह एक तरफ अमेरिका में बैठे आरोपी के संपर्क में था, जबकि दूसरी ओर वह पीड़ित कारोबारी की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन से लगातार बातचीत कर रहा था.

पुलिस पूछताछ में रजत ने खुलासा किया कि सपना जैन ने ही उसे अपने पति से रंगदारी वसूलने का जिम्मा सौंपा था. इतना ही नहीं, कारोबारी की मां की हत्या कराने और कारोबारी पर हमला करवाने की भी योजना बनाई गई थी. जांच में सामने आया कि सपना जैन अपने पति की हर गतिविधि, आवाजाही और दिनचर्या की जानकारी लगातार रजत को उपलब्ध करा रही थी. इस खुलासे के बाद पुलिस ने सपना जैन को भी गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें कई आपत्तिजनक चैट और बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, इन चैट्स में सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े लोगों के बीच लगातार संपर्क के सबूत मिले हैं. जांच एजेंसियां अब इन डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं ताकि साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके.

पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित कारोबारी और सपना जैन की शादी वर्ष 2007 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, कारोबारी की मां हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं, जिससे सपना जैन नाराज रहती थी. इसी नाराजगी के चलते उसने अपनी बहन के दोस्त रजत के साथ मिलकर इस खतरनाक साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई.

जांच में यह भी सामने आया है कि रजत के गोगी गैंग के कई सदस्यों से संबंध हैं. उसका संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई और अमेरिका में बैठे कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता से भी था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रजत के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल, दिल्ली पुलिस इस पूरे नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन और साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »