गर्लफ्रेंड की लाश, बेहोश बॉयफ्रेंड और 'जहरीला' राज... कर्नाटक के होमस्टे कांड की इनसाइड स्टोरी

कर्नाटक में एक युवती की लाश मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. उसका बॉयफ्रेंड संजीत अली बेहोशी की हालत में मिला. कमरे से रस्सी, कई गोलियां और उल्टी के निशान मिले हैं. पुलिस हत्या, आत्महत्या और जहर देने समेत हर एंगल से जांच कर रही है.

Advertisement
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में युवती की मौत, बॉयफ्रेंड की हालत ने बढ़ाया सस्पेंस, पुलिस जांच में जुटी. (Photo: ITG) कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में युवती की मौत, बॉयफ्रेंड की हालत ने बढ़ाया सस्पेंस, पुलिस जांच में जुटी. (Photo: ITG)

सगाय राज

  • बेंगलुरु,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:59 PM IST

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में एक होमस्टे के कमरे में युवती की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है. मुद्देनहल्ली के पास स्थित इस होमस्टे में युवती मृत मिली, जबकि उसका बॉयफ्रेंड संजीत अली बेहोशी की हालत में पाया गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी यह साफ नहीं है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का. 

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, कमरे के अंदर एक रस्सी, बड़ी संख्या में टैबलेट, उल्टी के निशान और कुछ संदिग्ध सामान मिला है. हालांकि महिला के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने कहा है कि हत्या, जहर देने जैसी सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है. मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी.

शुरुआती जांच के मुताबिक, कपल पिछले तीन दिनों से इस होमस्टे में रह रहा था. दोनों रिलेशनशिप में थे. पहले घर से भाग भी चुके थे. इसके बाद महिला के परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. बेंगलुरु की रहने वाली सुरभि पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट थी. वह कुछ दिन पहले SAI कैंपस में वॉलंटियर करने पहुंची थी. 

वहीं केरल का रहने वाला संजीत अली उससे मिलने वहां गया था. चिक्काबल्लापुर के SP कुशल चौकसी ने मौके का दौरा किया. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या संजीत अली ने सुरभि की हत्या की और फिर आत्महत्या की कोशिश की, या फिर दोनों ने किसी वजह से मिलकर अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया था.

Advertisement

SP कुशल चौकसी ने बताया कि घटना नंदी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आती है. उन्होंने कहा कि कमरे में पंखे से एक फंदा लटका हुआ मिला है और मौके से एक जहरीला पदार्थ भी बरामद किया गया है. उन्होंने कहा कि लड़की के शरीर पर पुराने चोट के निशान भी मिले हैं. इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

उन्होंने बताया कि दो संभावनाएं सामने हैं. पहली यह कि दोनों ने साथ में आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसमें लड़की की मौत हो गई और लड़का बच गया. दूसरी संभावना यह है कि लड़के ने लड़की की हत्या की और फिर पूरी घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की थी. संजीत अस्पताल में भर्ती है और खतरे से बाहर बताया जा रहा है. 

संजीत के होश में आने के बाद पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी. इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा. कमरे से एक तकिया भी जब्त किया गया है. इसके अलावा बड़ी संख्या में गोलियां मिली हैं. मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा. इस मामले की जांच के दौरान सुरभि और संजीत के रिश्ते को लेकर कई बातें सामने आई हैं. 

जानकारी के मुताबिक, दोनों की पहली मुलाकात एक कैब बुक करते समय हुई थी. इसके बाद दोनों करीब आए और रिलेशनशिप में आ गए. बताया जा रहा है कि सुरभि ने अपनी मां को बताया था कि वह संजीत अली से शादी करना चाहती है. लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. इसके बाद सुरभि ने घर छोड़ दिया था. उसने कहा कि वो बालिग है.

Advertisement

उसे अपना पार्टनर चुनने का कानूनी अधिकार है. रिलेशनशिप के दौरान सुरभि के साथ कई बार मारपीट की गई थी. आरोप है कि उसे चोटें भी आई थीं. उसके परिवार ने उसे वापस लाया और मैसूर के एक रिहैबिलिटेशन सेंटर में भर्ती कराया. आरोप था कि सुरभि को शराब और ड्रग्स की लत थी. संजीत ने उसे नशीले पदार्थों की लत लगाई थी. 

करीब छह महीने रिहैबिलिटेशन में रहने के बाद सुरभि अपनी मां के पास वापस लौट आई थी. अब जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर सुरभि ने दोबारा संजीत अली से संपर्क क्यों किया और चिक्कबल्लापुर होमस्टे तक पहुंचने की पूरी कहानी क्या थी. पुलिस पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »