गोवा में रफ्तार का कहर... थार की टक्कर से टूरिस्ट की मौत, दिल्ली के युवक पर FIR, लेडी ड्राइवर बदलने का दावा

गोवा में एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने 65 साल के पर्यटक की जान ले ली. दिल्ली के 19 वर्षीय युवक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. हादसे के बाद ड्राइवर बदलने की कोशिश के आरोप, वायरल वीडियो और चश्मदीदों के दावे ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया है.

Advertisement
भोपाल के 65 साल के पर्यटक की मौत, दिल्ली के 19 साल के युवक पर केस दर्ज. (File Photo: ITG) भोपाल के 65 साल के पर्यटक की मौत, दिल्ली के 19 साल के युवक पर केस दर्ज. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • पणजी,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:37 PM IST

गोवा पुलिस ने दिल्ली के 19 साल के युवक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और एक 65 साल के व्यक्ति की मौत के मामले में केस दर्ज किया है. आरोप है कि उसकी महिंद्रा थार की टक्कर से एक बुजुर्ग की जान चली गई.  आरोपी की पहचान दिल्ली के हौज खास इलाके के रहने वाले शौर्य गोयल के रूप में हुई है.

Advertisement

नॉर्थ गोवा के मापुसा के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर विल्सन डिसूज़ा ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को हैप्पी बार जंक्शन पर दो गाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हुई थी. शौर्य गोयल मापुसा से अंजुना जा रहा था. उसने अपनी थार को तेज रफ्तार से चलाया, जिससे संतुलन खो बैठा. सामने से आ रही कार से टकरा गया. 

ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले भगत राम शर्मा (65) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

बताया जा रहा है कि भगत राम शर्मा जिस कार में सवार थे, उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. कार में कुल चार लोग सवार थे. मृतक की पत्नी को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एक तीन साल के बच्चे को मामूली चोटें आईं. कार में एक पांच महीने का बच्चा भी था, जो पूरी तरह सुरक्षित रहा. दो लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं.

Advertisement

पुलिस के अनुसार दोनों वाहन जब्त कर पुलिस स्टेशन में खड़े किए गए हैं. आरोपी शौर्य गोयल पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है. हालांकि, हादसे के बाद घटनास्थल से सामने आए कुछ वीडियो और स्थानीय लोगों के दावे ने मामले को और उलझा दिया है. चश्मदीदों का कहना है कि लाल रंग की रेंटल महिंद्रा थार में चार लोग सवार थे.

इनमें एक युवक और तीन लड़कियां थीं. लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद युवक ड्राइवर सीट पर कूद गया, ताकि उस महिला को बचाया जा सके जो हादसे के समय गाड़ी चला रही थी. एक वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के तुरंत बाद एक युवक थार गाड़ी से बाहर निकलता है. इसके किसी को फोन करता है.

वो फोन पर कहता है, ''पापा, मैं चौराहे पर था.'' कॉल खत्म करने के बाद वह वापस गाड़ी में बैठता है. जब आसपास मौजूद लोग उससे पूछते हैं कि वह कहां जा रहा है, तो वह कहता है कि गाड़ी को सड़क किनारे पार्क करने के लिए ले जा रहा है. स्थानीय लोगों का दावा है कि दूसरी दिशा से आ रही रेंटल गाड़ी भी तेज रफ्तार में थी. 

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है. भी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »