अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के चलते गहराए तेल-गैस संकट के बीच देश में एलपीजी की किल्लत साफ देखने को मिली है. हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार न पड़े इसके लिए सरकार की ओर तमाम कदम उठाए गए हैं. इनमें प्रोडक्शन में बढ़ोतरी समेत बुकिंग से जुड़े नियम शामिल हैं. लेकिन दूसरी ओर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लगातार महंगाई का बम फूट रहा है और जनवरी महीने से अब तक 19 KG Commercial LPG Cylinder Price लगभग दोगुना हो गया है. हर महीने की इसकी कीमत में बढ़ोतरी देखने को मिली है.
1 जून 2026 को भी इसकी कीमतों में बढ़ोतरी की गई है और दिल्ली में प्रति सिलेंडर 42 रुपये महंगा हो गया है. कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले ही किल्लत से जूझ रहे होटल, रेस्तरां समेत अन्य व्यावसायों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है. हालांकि, तेल कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को यथावत रखते हुए रसोई के बजट को स्थिर रखा है.
लगातार सातवीं बार बढ़े दाम
इस साल 2026 की शुरुआत से अब तक लगातार सातवीं बार कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जून महीने की पहली तारीख को महंगाई का झटका देते हुए 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दिल्ली से कोलकाता तक 42 रुपये से 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. इसके बाद नई दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3113.50 रुपये हो गई है, तो वहीं कोलकाता में ये 3255.50 रुपये का हो गया है. यहां इसके दाम में 53.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
जनवरी से अब तक लगभग दोगुना भाव
आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत से अब तक लगातार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते 19 Kg LPG Cylinder Price करीब दोगुना हो गया है, क्योंकि बीते साल के आखिरी महीने दिसंबर 2025 में सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1580.50 रुपये थी, जो कि 1 जून से 3113.50 रुपये पर पहुंच गई. इसे समझने के लिए महीने दर महीने इसकी कीमतों में बढ़ोतरी के सिलसिले पर नजर डालते हैं.
| महीना | कमर्शियल सिलेंडर का दाम | बढ़ोतरी |
| जनवरी | 1691.50 रुपये | 111 रुपये |
| फरवरी | 1740.50 रुपये | 49 रुपये |
| मार्च | 1768.50 रुपये | 28 रुपये |
| मार्च (7 March) | 1883.00 रुपये | 114.50 रुपये |
| अप्रैल | 2078.50 रुपये | 195.50 रुपये |
| मई | 3071.50 रुपये | 993 रुपये |
| जून | 3113.50 रुपये | 42 रुपये |
घरेलू सिलेंडर मिल रहा इस कीमत पर
हालांकि, 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों की बात करें, इसकी कीमत में आखिरी बार 7 मार्च को बदलाव किया गया था और तब से इसका दाम यथावत बना हुआ है. दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये का मिल रहा है.
आजतक बिजनेस डेस्क