सोना और चांदी को लेकर रिच डैड, पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने फिर से बड़ा क्लेम किया है. दिग्गज निवेशक जिम रॉजर्स की सलाह के हवाले से उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी उछाल आने वाली है.
उन्होंने यह भी बताया कि इन कीमती धातुओं में गिरावट के दौरान जमकर खरीदारी की है, क्योंकि तेजी से दुनिया पर कर्ज बढ़ रहा है, महंगाई में भी इजाफा हुआ है. इसके साथ ही नेताओं के ऊपर से भरोसा भी कम हो रहा है. ऐसे में लेखक को सोना-चांदी में निवेश एक सेफ ऑप्शन दिख रहा है.
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सोना और चांदी आसमान छूने जा रहे हैं, लेकिन बीच-बीच में इनमें भारी गिरावट भी आएगी. जिम रॉजर्स के हवाले से उन्होंने कहा है कि सोने और चांदी में अभी-अभी भारी गिरावट देखने को मिला है.
कियोसाकी ने कहा- मैं रोजर्स की बात से सहमत हूं
हाल ही में सोना $5405 के ऊंचे स्तर पर पहुंचा और फिर गिरकर $4006 पर आ गया है. इसी तरह, चांदी $118 के ऊंचे स्तर पर पहुंची और फिर गिरकर $56 पर आ गई. दिलचस्प बात यह है कि कई 'सट्टेबाज' ऊंचे दाम पर खरीदते हैं और फिर कम दाम पर बेच देते हैं. मैं अपने दोस्त जिम रोजर्स की बात से सहमत हूं.
कियोसाकी ने और खरीदा सोना और चांदी
लेखक ने बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने गोल्ड-सिल्वर में आई बड़ी गिरावट के दौरान सोने-चांदी को और भी ज्यादा खरीदा है. जब एक दोस्त ने पूछा कि मैं इतना सोना-चांदी क्यों खरीदता हूं? तो मेर जवाब था कि दुनिया की अर्थव्यवस्था बहुत मुश्किल में है, और मुझे इस समस्या को हल करने के लिए हमारे नेताओं या सेंट्रल बैंकों पर भरोसा नहीं है. असल में, यही समस्या हैं... कर्ज और महंगाई जैसी चीजें केवल बढ़ेंगी ही.
क्या करना चाहिए?
कियोसाकी ने कहा कि अक्सर लोग ऊंचे दामों पर सोना और चांदी को खरीद लेते हैं और कम दामों पर बेच देते हैं, क्या आप भी यही करने वाले है? या फिर आप कम दाम पर खरीदेंगे और अमीर बनेंगे? उन्होंने फिर से अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि सोना-चांदी के दाम तेजी से ऊपर जाने वाले हैं.
(नोट- सोना और चांदी या फिर अन्य किसी खरीदारी से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें. यहां बताई गई जानकारी सिर्फ एक्सपर्ट्स के अपने विचार हैं. Aajtak.in किसी भी तरह के निवेश की सलाह नहीं देता है.)
आजतक बिजनेस डेस्क