दिवाली के दिन दिल्ली में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है. त्योहार के मौके पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने ट्रेन सेवाओं की टाइमिंग में बदलाव किया है. 8 नवंबर 2026 यानी रविवार को मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे ही चलेगी. यह बदलाव एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी मेट्रो लाइनों पर लागू होगा. वहीं, कुछ लाइनों पर रविवार को मेट्रो सेवा सामान्य समय से 1 घंटा पहले शुरू की जाएगी.
रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशन से चलेगी आखिरी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, दिवाली की शाम होने वाले समारोह और जश्न को देखते हुए सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी. आम दिनों में आखिरी मेट्रो रात 11 बजे चलती है. इस बदलाव में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने और वापसी की योजना मेट्रो की बदली हुई टाइमिंग के हिसाब से बनाएं.
तीन लाइनों पर सुबह 6 बजे से शुरू होगी सर्विस
दिवाली के दिन कुछ मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा भी जल्दी शुरू होगी. आमतौर पर रविवार को इन लाइनों पर पहली मेट्रो सुबह 7 बजे चलती है, लेकिन 8 नवंबर को पहली ट्रेन सुबह 6 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी. इनमें पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन शामिल हैं.
पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मजलिस पार्क/शिव विहार रूट पर.
मैजेंटा लाइन: बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक रूट पर.
ग्रे लाइन: द्वारका ककरोला से ढांसा बस स्टैंड रूट पर.
सफर से पहले जरूर चेक कर लें मेट्रो की टाइमिंग
दिवाली पर मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बदली हुई टाइमिंग के मुताबिक बनाएं. खासकर रात में सफर करने वालों को ध्यान रखना होगा कि आखिरी ट्रेन रात 10 बजे ही टर्मिनल स्टेशन से रवाना होगी. मेट्रो की टाइमिंग से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं.
आजतक बिजनेस डेस्क