अगर आप SIP करते हैं तो आपको भी कुछ चार्ज के बारे में जानकारी होनी चाहिए, जो आपकी वेल्थ को प्रभावित कर सकते हैं. एसआईपी में कई तरह के चार्ज वसूले जाते हैं, जो आपके निवेश से संबंधित होते हैं. इसी में से एक चार्ज एसआईपी किस्त फेल होने को लेकर है.
अगर SIP की किस्त समय पर डिपॉजिट नहीं हो पाती है तो निवेशकों को हर महीने तगड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है. खासकर NACH (नेशनल ऑटोमेटेड क्लियरिंग हाउस) से जुड़े सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) सुविधा के लिए. किस्त फेल्ड होने पर 2950 रुपये तक का नुकसान हो सकता है.
अगर आपके बैंक अकाउंट में (जिससे एसआईपी कटती है) में पर्याप्त बैलेंस नहीं है और SIP की किस्त विफल हो जाती है, तो बैंक ₹250 से ₹750 प्रति किस्त तक का जुर्माना और 18% GST लगा सकते हैं, जिससे आपकी निवेश संबंधी अनुशासन धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है.
हर महीने 2950 का नुकसान कैसे?
म्यूचुअल फंड बाजार विश्लेषक बालू गोराडे के अनुसार, यह नुकसान और भी बढ़ सकता है, अगर किसी निवेशक के एक ही बैंक खाते से कई SIP जुड़े हुए हैं और एक ही दिन सभी डेबिट विफल हो जाते हैं, तो जुर्माना कई गुना बढ़ जाता है. जैसे- ICICI बैंक के मामले में हर फेल्ड SIP ट्रांजैक्शन पर लगभग ₹500 का जुर्माना लगाता है, पांच एसआईपी छूटने पर ₹2,500 का जुर्माना लग सकता है और जीएसटी जोड़ दें तो यह कुल नुकसान ₹2,950 हो जाती है.
1000 रुपये की किस्त पर कितना नुकसान
इसका सीधा मतलब यह है कि आपको ₹1,000 की एसआईपी किस्त पर जुर्माने के तौर पर करीब ₹590 चुकाने पड़ सकते हैं. पैसे के नुकसान के अलावा, बार-बार होने वाली असफलताएं लंबे समय में आपके लक्ष्य को भी प्रभावित कर सकता है.
नहीं करें ये बात इग्नोर
कई निवेशक इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं कि ये शुल्क प्रति लेनदेन के हिसाब से लगते हैं, न कि प्रति दिन के हिसाब से. इसलिए, अगर एक ही तारीख पर कई एसआईपी तय किए जाते हैं, तो जुर्माने की राशि काफी बढ़ जाती है. इसके अलावा, बार-बार डेबिट विफल होने से मैंडेट की विश्वसनीयता और समय के साथ आपके लक्ष्य पर असर हो सकता है.
NPCI द्वारा ऑपरेट होता है ये सिस्टम
बता दें भारत में SIP आमतौर पर नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा NACH सिस्टम के माध्यम से ऑपरेट किया जाता है. यह एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMC) को पहले से तय डेट पर निवेशक के बैंक खाते से सीधे किस्तें डेबिट करने की अनुमति देता है.
नोट- किसी भी तरह के निवेश से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.Aajtak.in किसी भी तरह के निवेश की सलाह नहीं देता है.