नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. कई एयरलाइंस कंपनियों ने टिकट की कीमतों में कटौती शुरू कर दी है, जिससे अब कई शहरों के लिए हवाई सफर पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है.
इंडिगो और अकाशा एयर दोनों ने अलग-अलग रूट्स पर किराये कम किए हैं. इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में फायदा मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि किराया कम होने के बाद अब जेवर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद भी जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार अकासा एयर ने बेंगलुरु रूट पर सबसे ज्यादा करीब 2 हजार रुपये तक की कमी की है. वहीं नवी मुंबई के किराये में भी अच्छी-खासी कटौती की गई है. दूसरी तरफ इंडिगो ने लखनऊ जाने वाले यात्रियों को राहत देते हुए टिकट सस्ते किए हैं, हालांकि बेंगलुरु रूट पर इंडिगो का किराया पहले से ज्यादा हो गया है.
यह भी पढ़ें: सस्ता तेल, महंगे चार्जेस... दिल्ली से भी महंगी क्यों नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें
15 जून से शुरू होगी उड़ानें
बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से यात्री सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इंडिगो पहले दिन से ही चार शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी, जबकि अकासा एयर 16 जून से अपनी सेवाएं शुरू करेगी. अकासा ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है.
शुरुआत में दोनों एयरलाइंस के टिकट दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले महंगे होने पर सवाल उठ रहे थे. लोगों का कहना था कि जब दिल्ली से कम किराये में उड़ान मिल रही है तो यात्री जेवर एयरपोर्ट क्यों चुनेंगे. इसको लेकर जेवर विधायक ने भी पीएम मोदी और सीएम योगी को पत्र लिखा था. अब किराये में कटौती के बाद एयरलाइंस को उम्मीद है कि यात्रियों का रुझान बढ़ेगा और बुकिंग में तेजी आएगी.
किराये में आए इस बदलाव से उम्मीद जताई जा रही है कि जेवर एयरपोर्ट से यात्रा करना अब न केवल सुगम बल्कि किफायती भी होगा, जिससे बुकिंग की रफ्तार में तेजी आएगी.
यह भी पढ़ें: क्या काले धन को खपाने का जरिया है रियल एस्टेट, रेरा पर क्यों नहीं है लोगों को भरोसा!
अरुण त्यागी