दिल्ली में जल्द ही 'लंदन आई' की तर्ज पर एक नया टूरिस्ट स्पॉट तैयार होगा. मयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 35 मीटर ऊंचा ऑब्जर्वेशन व्हील बनाने के लिए DDA ने अपनी तैयारी तेज कर दी है. प्रस्तावित "दिल्ली आई" मयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 3.84 एकड़ की खाली ज़मीन पर बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को एक प्राइवेट कंपनी 55 साल के लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत डेवलप और ऑपरेट करेगी, जिसमें कंस्ट्रक्शन का समय भी शामिल है.
DDA ने इसको विकसित करने, चलाने और इसका रखरखाव करने में रुचि रखने वाली कंपनियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) आमंत्रित किया है. इस ऑब्जर्वेशन व्हील को 'लंदन आई' और 'ऐन दुबई' (Ain Dubai) की तर्ज पर प्लान किया गया है, जिससे लोगों को पूरी दिल्ली का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा.
यह साइट नई दिल्ली के मयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर में स्थित है. इस जमीन पर 150 का फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) और 50% ग्राउंड कवरेज की अनुमति है. इसका विकास दिल्ली के मास्टर प्लान 2021 और यूनिफाइड बिल्डिंग बाय-लॉज, 2016 के तहत किया जाएगा. DDA अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए लैंड यूज बदलने की कोई जरूरत नहीं होगी, क्योंकि इस साइट पर पहले से ही मनोरंजक और व्यावसायिक विकास की अनुमति है.
यह भी पढ़ें: पीलीभीत बनेगा वर्ल्ड-क्लास आध्यात्मिक हब, रियल एस्टेट मार्केट में तेजी के संकेत!
35 मीटर ऊंचा व्हील देगा दिल्ली का खूबसूरत नजारा
इस पूरे प्रोजेक्ट का मुख्य आकर्षण 35 मीटर ऊंचा एक कैंटिलीवर ऑब्जर्वेशन व्हील होगा, जिसे दिल्ली का एक ऊंचा और खूबसूरत सीन प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है. इसके अलावा, DDA इस जगह को परिवारों और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाने के लिए कुछ अन्य मनोरंजक और व्यावसायिक सुविधाएं जोड़ने पर भी विचार कर रहा है.
'दिल्ली आई' की यह योजना कई सालों से सिर्फ कागजों पर थी, लेकिन ताजा 'एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट' (EoI) इस प्रोजेक्ट को हकीकत में बदलने की दिशा में एक नया प्रयास है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रोजेक्ट और साइट पर जोड़ी जा सकने वाली अन्य सुविधाओं पर चर्चा करने के लिए 9 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे एक स्टेकहोल्डर की बैठक आयोजित किया जाएगा. इसके वेन्यू की घोषणा DDA के टेंडर पोर्टल पर की जाएगी.
'दिल्ली आई' प्रोजेक्ट पर्यटन, मनोरंजन और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए दीर्घकालिक सार्वजनिक-निजी भागीदारी का उपयोग करने के DDA के बड़े अभियान का हिस्सा है. प्राधिकरण रोहिणी के सेक्टर 29 में 5 एकड़ के एम्यूजमेंट पार्क के लिए भी इसी तरह के मॉडल पर विचार कर रहा है. उस प्रोजेक्ट के लिए 25.50 हेक्टेयर भूमि की पहचान की गई है.
यह भी पढ़ें: स्पेन में मिल रहा है मुफ्त में घर, जॉब का भी ऑफर, बस पूरी करनी होगी एक शर्त
aajtak.in