शहर की भागदौड़ और तेज रफ्तार जिंदगी से दूर सुकून की तलाश में एक कपल ने बेंगलुरु छोड़कर गोवा में बसने का फैसला किया. राधिका और एकांश नाम के इस कपल ने अपने इस फैसले के साथ नई जिंदगी शुरू करने में हुए खर्च का पूरा हिसाब सोशल मीडिया पर साझा किया है. इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि बेंगलुरु से गोवा शिफ्ट होने में उनका अतिरिक्त खर्च 75,500 रुपये आया. कपल का कहना है कि एक महीने बाद उन्हें लगता है कि यह पैसा खर्च करना पूरी तरह सही फैसला था.
वीडियो में राधिका और एकांश ने बताया कि बेंगलुरु में अपना घर खाली करने और सामान को स्टोर करने में 15,000 रुपये खर्च हुए, इसके बाद सामान को गोवा पहुंचाने के लिए 24,000 रुपये देने पड़े. दोनों ने अपनी कार से गोवा तक का सफर किया. इस दौरान कार की सर्विसिंग, पीयूसी सर्टिफिकेट और पेट्रोल पर करीब 10,000 रुपये खर्च हुए.
गोवा पहुंचने के बाद दोनों ने घर की तलाश शुरू की, इस दौरान तीन सप्ताह तक Airbnb में रहने के लिए उन्होंने 45,000 रुपये खर्च किए. हालांकि, कपल ने इसे शिफ्टिंग के अतिरिक्त खर्च में शामिल नहीं किया. उनका कहना था कि यह रकम बेंगलुरु में दिए जाने वाले किराये के लगभग बराबर थी. घर तलाशने के दौरान खाने-पीने पर भी खर्च हुआ, किराने का सामान खरीदने, बाहर से खाना मंगाने और रेस्तरां में खाने पर करीब 12,000 रुपये खर्च हुए. गोवा के अलग-अलग इलाकों में घर देखने के लिए पेट्रोल पर 5,000 रुपये और लगे.
नए घर को रहने लायक बनाने के लिए भी कुछ खर्च करना पड़ा. एयर कंडीशनर और वॉशिंग मशीन लगवाने के साथ बढ़ई और प्लंबर की मदद लेने पर करीब 9,500 रुपये खर्च हुए. इस तरह बेंगलुरु से गोवा शिफ्ट होने का अतिरिक्त खर्च 75,500 रुपये रहा. कपल ने कहा कि लोग गोवा में पांच दिन की छुट्टी मनाने के लिए 30 से 40 हजार रुपये खर्च कर देते हैं, ऐसे में यहां नई जिंदगी शुरू करने के लिए 75 हजार रुपये खर्च करना उन्हें बिल्कुल सही लगता है.
aajtak.in