मशहूर किताब रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन निवेश को लेकर अपनी पोस्ट के जरिए सलाह देते रहते हैं. खासतौर पर वे लोगों को सोना-चांदी और बिटक्वाइन में निवेश की सलाह देते हैं. अब उन्होंने एक नई पोस्ट शेयर की है, जो तेजी से वायरल हो रही है. इसमें उन्होंने किसी तरह के निवेश की सलाह नहीं दी है, बल्कि उदाहरण देते हुए पुरानी सोच और सलाहों को पर बात की है और कहा है कि अब बदलाव हो रहा है और हमें रिसेट की जरूरत है.
क्या पुरानी सलाह हुई बेकार?
Robert Kiyosaki ने अपनी पोस्ट की शुरुआत इस सवाल से की कि क्या आज के समय में कुछ सलाह सबसे ज्यादा पुरानी और बेकार हो चुकी है? इनमें एक है, 'स्कूल जाओ, अच्छे ग्रेड लाओ, जिससे तुम्हें एक अच्छी सैलरी वाली नौकरी मिल सके!' लेखक ने अपनी पोस्ट में X-फॉलोअर्स से सवाल किया कि, 'आपमें से कितने लोगों के दिमाग में अभी भी यही पुरानी और आउटडेटेड सलाह चल रही है?'
कियोसाकी ने दिया इस शख्स का उदाहरण
'Rich Dad Poor Dad' के लेखक अपनी पोस्ट में एक उदाहरण भी पेश किया. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' में टेक्नोलॉजी सेक्शन में प्रिंसटन से PhD करने वाले एक व्यक्ति के बारे में एक आर्टिकल छपा था. इस शख्स ने 230 कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन हर बार उसे रिजेक्ट कर दिया गया.
कियोसाकी के मुताबिक, उसे ज्यादातर कंपनियों ने सिर्फ इसलिए रिजेक्ट कर दिया क्योंकि वे पहले से ही अपने बहुत पढ़े-लिखे कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही थीं और उनकी जगह AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल कर रही थीं.
'पुरानी चीजें अब काम नहीं...'
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कियोसाकी ने आगे फॉलोअर्स को सलाह भी दी कि, 'मैं अपने उन X-फॉलोअर्स का शुक्रिया करता हूं, जो खुले विचारों वाले हैं और मुझे आपकी सोच को चुनौती देने का मौका देते हैं. मुझे भरोसा है कि आप मेरी हर बात पर आंख बंद करके विश्वास करने के बजाय, खुद अपने जवाब ढूंढ़ेंगे.'
उन्होंने आगे लिखा कि मैं भी आप ही की तरह इस दौर से गुजर रहा हूं, जहां दुनिया के इतिहास के सबसे बड़े बदलाव हो रहे हैं और शायद यह अब तक का सबसे बड़ा 'रीसेट' (RESET) है. आपकी जानकारी के लिए बता दूं, यहां 'रीसेट' का सीधा सा मतलब है कि जो चीजें पहले काम करती थीं, वे अब भविष्य में काम नहीं करेंगी. कियोसाकी ने कहा कि जैसे कार ने घोड़ों की जगह ले ली, और अमेजन (Amazon) की वजह से शॉपिंग मॉल खत्म हो रहे हैं, ठीक वैसे ही AI अब डॉक्टरों, वकीलों और अकाउंटेंट्स की जगह ले रहा है.
लेखक ने कहा- आगे बढ़ने को तैयार रहें
Robert Kiyosaki के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब एक्स) पर 2.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं. उनकी नई Viral Post के अंत में उन्होंने कहा कि, 'अपना ध्यान रखें, खुले विचारों वाले बनें और पुरानी व बेकार हो चुकी सोच से सावधान रहें, क्योंकि पुरानी चीजों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने के लिए तैयार रहें... मैं आपके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.'
आजतक बिजनेस डेस्क