शेयर बाजार में बीते सप्ताह आए भूचाल में तमाम बड़ी दिग्गज कंपनियों को तगड़ा घाटा हुआ है. सेंसेक्स की टॉप-10 फर्मों में शामिल सात की मार्केट वैल्यू फिसली है, जबकि तीन कंपनियों के निवेशक फायदे में रहे हैं. सप्ताह के पांच कारोबारी दिनों में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स 1,829 अंक या करीब 2.33% की गिरावट में रहा. इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज से लेकर टीसीएस तक 7 कंपनियों के करीब 2.05 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा स्वाहा हो गए.
टाटा से रिलायंस तक को झटका
शेयर मार्केट में बीते सप्ताह आई गिरावट के चलते सबसे ज्यादा नुकसान में टाटा ग्रुप की आईटी कंपी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS रही. सिर्फ पांच कारोबारी दिनों में इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन गिरकर 8.67 लाख करोड़ रुपये पर आ गया और निवेशकों के 66,699 करोड़ रुपये डूब गए. निवेशकों का नुकसान कराने के मामले में दूसरी पायदान पर मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस रिलायंस इंडस्ट्रीज रही. Reliance Market Cap 50,670 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ कम होकर 17.96 लाख करोड़ रुपये रह गया.
HDFC Bank को भी तगड़ा घाटा
टीसीएस और रिलायंस के अलावा HDFC Bank को भी तगड़ा घाटा उठाना पड़ा है. इसका मार्केट कैप पांच दिन में 23,090 करोड़ रुपये घट गया और गिरावट के साथ 12.08 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. इसके अलावा देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी की मार्केट वैल्यू में 19,670 करोड़ रुपये की कमी आई और ये कम होकर 5.13 लाख करोड़ रुपये रह गई.
इसके अलावा Bharti Airtel MCap 19,406.59 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 11.05 लाख करोड़ रुपये रह गया. जबकि ICICI Bank Market Cap14,663.27 करोड़ रुपये फिसलकर 9.50 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. LT Market Cap में भी 11,142.62 करोड़ रुपये की कमी आई और ये 5.52 लाख करोड़ रुपये रह गया.
गिरावट के बीच भी फायदे में ये कंपनियां
जहां शेयर मार्केट में आई गिरावट के बीच सात कंपनियों को घाटा हुआ, तो Top-10 में शामिल तीन कंपनियां फायदे में रहीं. इनमें हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट वैल्यू में 20,652 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और ये बढ़कर 5.47 लाख करोड़ रुपये हो गई. इसके अलावा SBI Market Cap 19,522 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 10.16 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. Bajaj Finance के निवेशकों ने भी पांच दिन में 8,253 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली और इसका मार्केट कैप उछलकर 5.74 लाख करोड़ रुपये हो गया.
मार्केट कैप में आई गिरावट के बाद भी मार्केट वैल्यू के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट में Mukesh Ambani की कंपनी रिलायंस का दबदबा कायम रहा और वो नंबर-1 पायदान पर काबिज रही. इसके बाद क्रमश: HDFC Bank, Bharti Airtel, SBI, ICICI Bank, TCS, Bajaj Finance, LT, HUL और LIC का स्थान रहा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क